उत्तराखंड में आईटीबीपी बटालियनें स्थानीय पशुपालकों से भेड़,बकरी, मुर्गी और मछली खरीदेंगी

उत्तराखंड में आईटीबीपी बटालियनें स्थानीय पशुपालकों से भेड़,बकरी, मुर्गी और मछली खरीदेंगी

उत्तराखंड में आईटीबीपी बटालियनें स्थानीय पशुपालकों से भेड़,बकरी, मुर्गी और मछली खरीदेंगी
Modified Date: October 23, 2024 / 09:21 pm IST
Published Date: October 23, 2024 9:21 pm IST

देहरादून, 23 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने बुधवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की बटालियनों को मांस के लिए स्थानीय पशुपालकों से भेड़, बकरी, मुर्गी और मछली खरीदने की योजना को मंजूरी दे दी।

अधिकारियों ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में यहां राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

राज्य के पशुपालन सचिव डॉ बी वी आर सी पुरूषोत्तम ने यहां बताया कि इस निर्णय से पहाड़ी क्षेत्रों में पशुपालकों की आर्थिकी को मजबूती मिलने के साथ ही स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। उनके अनुसार तीन जिलों में इस योजना की शुरुआत होगी।

उन्होंने बताया कि चमोली, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में स्थित आईटीबीपी की बटालियनों द्वारा स्थानीय पशुपालकों से यह खरीद सहकारी समितियों के माध्यम से की जाएगी। उनका कहना था कि इस योजना से 80 से अधिक सहकारी समितियों के माध्यम से लगभग 11 हजार से अधिक पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा।

पुरूषोत्तम ने बताया कि इसके लिए जल्द आईटीबीपी के साथ सहकारी समितियों का समझौता होगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पशुपालकों को तत्काल उसका मूल्य उपलब्ध कराने के लिए मंत्रिमडल ने पांच करोड़ रुपये के कोष को भी मंजूरी दी है।

एक अन्य फैसले में, राज्य मंत्रिमंडल ने ‘मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शेवेनिंग छात्रवृत्ति’ को मंजूरी दे दी जिसके तहत राज्य के पांच मेधावी छात्र-छात्राओं को ब्रिटेन में पढ़ने का मौका मिलेगा।

इसके अलावा, अन्त्योदय राशन कार्ड धारकों के लिए मुख्यमंत्री निशुल्क गैस रिफिल योजना 2027 तक बनाये रखने का भी मंत्रिमंडल ने निर्णय लिया ।

भाषा दीप्ति राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में