“मुस्लिम लीग-माओवादी कांग्रेस” बन गई है आईएनसी, देश को कर रही है बदनाम : प्रधानमंत्री मोदी
“मुस्लिम लीग-माओवादी कांग्रेस” बन गई है आईएनसी, देश को कर रही है बदनाम : प्रधानमंत्री मोदी
जयपुर, 28 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कांग्रेस की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन को लेकर शनिवार को विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस अब ‘इंडियन नेशनल कांग्रेस’ (आईएनसी) नहीं रही बल्कि “एमएमसी” यानी ‘मुस्लिम लीग-माओवादी कांग्रेस’ बन गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दुनिया भर के मेहमानों के सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की है।
राजस्थान में अजमेर के कायड़ विश्राम स्थल पर एक जनसभा में मोदी ने कहा कि मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी, इसलिए उसने देश को बांट दिया और आज कांग्रेस भी वही कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया, “कांग्रेस, पूरे देश में लगातार चुनाव हार रही है और गुस्से में वो इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है।”
मोदी ने इस अवसर पर 16,600 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब पूरी दुनिया भारत की प्रशंसा करती है तो देश के लोगों को गर्व होता है लेकिन कांग्रेस वैश्विक मंचों पर देश की बेइज्जती करने की कोशिश करती है।
उन्होंने हाल ही में दिल्ली में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में कांग्रेस की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं के कमीज उतारकर किये गए प्रदर्शन की ओर इशारा किया। इस आयोजन के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता 20 फरवरी को मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों वाली सफेद टी-शर्ट लेकर आयोजन स्थल में घुसे। इन पर “एप्स्टीन फाइल्स” और “पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड” जैसे नारे भी लिखे हुए थे।
प्रदर्शनकारियों की आयोजन स्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों व पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी हुई थी। इस प्रदर्शन के सिलसिले में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। चिब को इस मामले में जमानत मिल गई है।
मोदी ने इस घटना को लेकर विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अनेक देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मंत्री और वैश्विक कंपनियों के प्रमुख इस कार्यक्रम में शामिल हुए और भारत की तरक्की की प्रशंसा की।
मोदी ने आरोप लगाया, “ जब दुनिया के इतने लोग भारत की प्रशंसा करते हैं तो हर भारतीय को गर्व होता है। लेकिन कांग्रेस ने दुनिया भर के मेहमानों के सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की। इन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने के लिए पूरा ड्रामा किया।”
उन्होंने कहा,“कांग्रेस पूरे देश में लगातार हार रही है और गुस्से में वो इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है।”
मोदी ने कहा कि एक समय कांग्रेस…आईएनसी यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी लेकिन अब आईएनसी वैसी नहीं रही जैसी पहले थी।
उन्होंने कहा, “कभी कांग्रेस ‘आईएनसी’ यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी लेकिन अब आईएनसी नहीं बची है …इंडियन नेशनल कांग्रेस नहीं बची है… आज वो आईएनसी के बजाय एमएमसी बन गई है। एमएमसी यानी मुस्लिम लीग-माओवादी कांग्रेस हो चुकी है।”
मोदी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी और इसलिए मुस्लिम लीग ने देश को बांट दिया और आज कांग्रेस भी वही कर रही है।
उन्होंने कहा, “माओवादी भी भारत की समृद्धि, हमारे संविधान और हमारे सफल लोकतंत्र से नफरत करते हैं। ये घात लगाकर हमला करते हैं। कांग्रेस भी घात लगाकर देश को बदनाम करने के लिए कहीं भी घुस जाती है।”
उन्होंने कहा,“कांग्रेस के ऐसे कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा।”
मोदी ने कहा कि देश को बदनाम करना, देश की सेनाओं को कमजोर करना… ये कांग्रेस की पुरानी आदत रही है।
उन्होंने कहा, “यही कांग्रेस है जिसने हमारी सेना के जवानों को हथियारों व वर्दी तक के लिए तरसा के रखा था। यह वही कांग्रेस है जिसने वर्षों तक हमारे सैनिक परिवारों को ‘वन रैंक वन पेंशन’ से दूर रखा और जिसके जमाने में विदेशों से होने वाले रक्षा सौदों में बड़े-बड़े घोटाले होते थे।”
प्रधानमंत्री के अनुसार बीते 11 वर्षों में भारत की सेना ने हर मोर्चे पर, आतंकियों पर, देश के दुश्मनों पर करारा प्रहार किया है और सेना हर मिशन, हर मोर्चे में विजयी रही तथा ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक वीरता का लोहा मनवाया।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेताओं ने इसमें भी दुश्मनों के झूठ को ही आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा, “देश के लिए जो भी शुभ है, जो भी अच्छा है, जो भी देशवासियों के लिए भला करने वाला है …कांग्रेस उस सब का विरोध करती है। इसलिए देश आज कांग्रेस को सबक सिखा रहा है।”
मोदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार और ‘पेपर लीक’ की खबरें आम थीं और किसानों के साथ भी धोखा हुआ।
राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो साल के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा, “मुझे संतोष है कि आज राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर है। विकास के जिन वादों के साथ भाजपा सरकार आपकी सेवा में आई थी उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है।”
उन्होंने कहा कि अब राजस्थान में ‘पेपर लीक’ पर लगाम लगी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है।
इससे पहले, मोदी ने राजस्थान के लिए 16,686 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों एवं परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ ही सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय ‘ह्यूमन पैपिलोमावायरस’ (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले शौचालयों के अभाव में महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता और अलग शौचालय नहीं होने के कारण बच्चियां स्कूल छोड़ देती थीं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “गरीब बेटियां सेनेटरी पैड नहीं ले पाती थीं और जो उस समय सत्ता में थे उनके लिए ये छोटी बात थी। इसलिए इस समस्या की चर्चा तक नहीं होती थी।”
उन्होंने कहा,“लेकिन हमारे लिए बहन बेटियों को बीमार करने वाला, उनके अपमान से जुड़ा संवेदनशील मसला था इसलिए हमने इनका मिशन मोड़ पर समाधान किया।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि अच्छी सड़कें, रेलवे और हवाई संपर्क न केवल यात्रा को आसान बनाते हैं बल्कि पूरे इलाके की किस्मत बदल देते हैं।
मोदी ने कहा कि इसी सोच के साथ भाजपा सरकार राजस्थान में आधुनिक ‘कनेक्टिविटी’ पर बहुत बल दे रही है। राजस्थान को अवसरों की भूमिका बनाने के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार अनेक काम कर रही है।
मोदी ने कहा,“विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र पर हम लगातार काम कर रहे हैं। आज जिन परियोजनाओं पर काम शुरू हुआ है, वो विकसित राजस्थान की नींव को और अधिक मजबूत करेंगी।”
उन्होंने कहा,“जब राजस्थान विकसित होगा, तो यहां के हर परिवार का जीवन समृद्ध होगा।”
इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और अन्य नेता भी मौजूद थे।
भाषा पृथ्वी रवि कांत प्रशांत
प्रशांत

Facebook


