तृणमूल के नेता एवं विधायक देबाशीष कुमार की कोलकाता में संपत्ति पर आयकर विभाग की छापेमारी

तृणमूल के नेता एवं विधायक देबाशीष कुमार की कोलकाता में संपत्ति पर आयकर विभाग की छापेमारी

तृणमूल के नेता एवं विधायक देबाशीष कुमार की कोलकाता में संपत्ति पर आयकर विभाग की छापेमारी
Modified Date: April 17, 2026 / 09:46 am IST
Published Date: April 17, 2026 9:46 am IST

कोलकाता, 17 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दक्षिण कोलकाता की रासबिहारी सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार एवं मौजूदा विधायक देबाशीष कुमार से जुड़े दो परिसरों पर आयकर विभाग ने शुक्रवार को छापेमारी शुरू की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मनोहरपुकुर रोड स्थित उनके आवास और उनके चुनाव कार्यालय में सुबह करीब छह बजे एक साथ छापेमारी की गई।

छापेमारी का कारण तत्काल ज्ञात नहीं हो सका।

कुमार को कथित भूमि धोखाधड़ी मामले के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय ने हाल में कई बार तलब किया था। उन्हें एक, तीन और नौ अप्रैल को सॉल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पूछताछ के लिए बुलाया गया था और वह एजेंसी के समक्ष पेश हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि ईडी का उद्देश्य यह पता लगाना था कि क्या कुमार का व्यवसायी अमित गंगोपाध्याय के साथ कोई वित्तीय लेनदेन था, जिनकी संपत्ति की हाल में केंद्रीय एजेंसी ने तलाशी की थी।

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को रासबिहारी निर्वाचन क्षेत्र में मतदान होगा और मतगणना चार मई को निर्धारित है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस सीट से स्वपन दासगुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है।

छापेमारी के बाद कुमार के आवास के बाहर तनाव का माहौल रहा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को संभालने के लिए केंद्रीय बलों के जवानों को तैनात किया गया था।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में