‘इंडिया’ गठबंधन जल्द ही टूट जाएगा, इसका कारण राहुल गांधी होंगे: भाजपा

‘इंडिया’ गठबंधन जल्द ही टूट जाएगा, इसका कारण राहुल गांधी होंगे: भाजपा

‘इंडिया’ गठबंधन जल्द ही टूट जाएगा, इसका कारण राहुल गांधी होंगे: भाजपा
Modified Date: May 6, 2026 / 07:21 pm IST
Published Date: May 6, 2026 7:21 pm IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘‘अयोग्य नेता’’ बताते हुए कहा कि वह ‘इंडिया’ गठबंधन का संचालन करने में असमर्थ हैं तथा उनके नेतृत्व के कारण विपक्षी गठबंधन टूटने के कगार पर है।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने चुनावों में ‘‘वोट चोरी’’ का आरोप लगाने को लेकर गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो स्वयं चोर होते हैं वे दूसरों को भी चोर समझते हैं।

पात्रा की यह टिप्पणी गांधी द्वारा ‘एक्स’ पर किए गए उस पोस्ट के बाद आई है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि लोकसभा में भाजपा के 240 सांसदों में से लगभग हर छठा सांसद ‘‘वोट चोरी’’ के जरिए जीता है।

गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘उनकी पहचान करना मुश्किल नहीं है – क्या हमें उन्हें भाजपा की अपनी भाषा में ‘घुसपैठिए’ कहना चाहिए? और हरियाणा? वहां तो पूरी सरकार ही ‘घुसपैठिया’ है।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘वोट चोरी से कभी सीट छीन ली जाती हैं, कभी पूरी सरकारें ही गिर जाती हैं। उनका असली डर सच्चाई है। क्योंकि अगर निष्पक्ष चुनाव होते, तो आज भी वे 140 सीट नहीं जीत पाते।’’

इसके जवाब में भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस नेता ने हरियाणा की जनता द्वारा भाजपा सरकार को दिए गए जनादेश का अपमान किया है।

पात्रा ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने आज पोस्ट किया कि न सिर्फ वोट और सीट चोरी हो रही हैं, बल्कि अब पूरी सरकार ही चोरी हो गई है। क्या यह कोई सरकार है या आपके जीजा की कोई ज़मीन जिसे चुराया जा सकता है? चोर तो हर किसी को चोर ही समझता है।’’

भाजपा सांसद ने गांधी द्वारा कथित तौर पर हरियाणा सरकार को ‘‘घुसपैठियों की सरकार’’ कहे जाने पर भी आपत्ति जताई।

उन्होंने पूछा, “जनता ने मतदान किया और यह भाजपा की सरकार है। विधायक जनता द्वारा चुने गए हैं और मुख्यमंत्री भी जनता द्वारा चुने गए हैं। ऐसे में उन्हें घुसपैठिया कहना कैसे सही है?”

पात्रा ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन आंतरिक रूप से बिखर रहा है और यह गठबंधन कुछ ही हफ्तों में टूट जाएगा तथा इसके लिए गांधी जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी, आप एक अयोग्य नेता हैं, और इसी वजह से आज आपकी पूरी पार्टी पतन की ओर है तथा बिखर रही है। और आज, भाजपा के मंच से, मैं भविष्यवाणी कर रहा हूँ: बस कुछ हफ्तों का इंतजार कीजिए, ‘इंडी’ गठबंधन टूट जाएगा। हमें सूत्रों से जानकारी मिली है कि ‘इंडी’ गठबंधन टूटने वाला है। इसके अलावा कोई और रास्ता नहीं है। हम यह बात यूं ही नहीं कह रहे हैं।’’

पात्रा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘और इसका सारा दोष राहुल गांधी पर आएगा। जब ऐसा होगा, तब शायद वह विदेश में होंगे, इसलिए यह उनके लिए चिंता का विषय नहीं होगा।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी के नेतृत्व ने न केवल कांग्रेस को बल्कि समग्र विपक्षी गठबंधन को भी कमजोर कर दिया है।

भाजपा प्रवक्ता ने अरविंद केजरीवाल तथा ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और उन पर चुनावी हार के बाद एकजुट होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हताशा की पराकाष्ठा है… ‘इंडी’ गठबंधन के इन सभी नेताओं को देखिए – राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी – ये सब एक साथ आ गए हैं। जब चुनाव लड़ने के लिए एकजुट होना होता है, तो वे एकजुट नहीं होते और अलग-अलग चुनाव लड़ते रहते हैं। लेकिन हारने के बाद, वे सब एकजुट हो गए हैं।’’

पात्रा ने अपने हमले को और तेज करते हुए गांधी पर चुनावी राजनीति से ‘‘अलग-थलग’’ होने का आरोप लगाया और कहा कि वह चुनावों के दौरान नियमित रूप से विदेश यात्रा करते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘एक तरफ रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों के साथ खड़े होना तथा दूसरी तरफ चुनी हुई सरकार को घुसपैठिया कहना – राहुल जी, ध्यान से सुनिए और समझिए। जब ​​चुनाव हो रहे होते हैं, तब आप अंडमान निकोबार द्वीप समूह में छुट्टियां मनाने जाते हैं और चीन के इशारे पर दुष्प्रचार फैलाते हैं।’’

पात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि गांधी महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षणों के दौरान देश छोड़कर चले जाते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आप फिर गायब हो गए और ओमान चले गए। तो आपको क्या लगता है? आपको सीट मिलेंगी? आपको कुछ नहीं मिलेगा।’’

भाषा

नेत्रपाल अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में