दिल्ली में भारत, बांग्लादेश महानिदेशक स्तर की सीमा वार्ता संपन्न
दिल्ली में भारत, बांग्लादेश महानिदेशक स्तर की सीमा वार्ता संपन्न
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) भारत और बांग्लादेश ने बृहस्पतिवार को यहां अपनी चार दिवसीय महानिदेशक स्तर की सीमा वार्ता संपन्न की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वार्ता में, बांग्लादेशी नागरिकों द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों और भारतीय नागरिकों पर हमले तथा सीमा पर लगी बाड़ को बांग्लादेशियों द्वारा तोड़े जाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
वार्ता का 57वां सत्र बीएसएफ और उसके समकक्ष बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के बीच लोधी रोड स्थित भारतीय अर्धसैनिक बल के मुख्यालय में आयोजित किया गया।
इन वार्ता के इतिहास में शायद यह पहली बार है कि चर्चा के संयुक्त दस्तावेज पर हस्ताक्षर होने के बाद, दोनों अर्धसैनिक बलों के महानिदेशकों का पारंपरिक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन नहीं हुआ।
खबर लिखे जाने तक, बातचीत के दौरान हुई चर्चा पर प्रेस वक्तव्य जारी नहीं हुआ था।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने किया, जबकि बांग्लादेशी पक्ष का नेतृत्व बीजीबी के महानिदेशक मेजर जनरल मोहम्मद अशरफुज्जमां सिद्दीकी ने किया।
अधिकारियों ने बताया कि 8 जून को बीजीबी का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा और उसके बाद शुरू हुई बातचीत बृहस्पतिवार को संपन्न हो गई।
यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि ढाका में इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सरकार गठित होने और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद, यह पहली बार हुई।
भारत और बांग्लादेश के बीच कुल 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा का आधे से अधिक हिस्सा (2,216 किलोमीटर) पश्चिम बंगाल से लगा हुआ है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नयी राज्य सरकार ने घोषणा की है कि वह बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी और ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें वापस भेजा जाएगा।
दोनों पक्षों के बीच पिछली बैठक अगस्त 2025 में ढाका में हुई थी, जब बांग्लादेश में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार थी।
भाषा सुभाष शफीक
शफीक

Facebook


