भारत वैश्विक धनशोधन रोधी संस्था ‘एफएटीएफ’ का उपाध्यक्ष बना

भारत वैश्विक धनशोधन रोधी संस्था 'एफएटीएफ' का उपाध्यक्ष बना

भारत वैश्विक धनशोधन रोधी संस्था ‘एफएटीएफ’ का उपाध्यक्ष बना
Modified Date: June 20, 2026 / 12:00 am IST
Published Date: June 20, 2026 12:00 am IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) भारत को शुक्रवार को वैश्विक संस्था वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) का उपाध्यक्ष बनाया गया। यह संस्था धनशोधन और आतंकवाद से जुड़े वित्तपोषण से निपटने के लिए मानक तय करती है।

भारत 2010 से इस प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय संस्था का सदस्य है और उसे पहली बार उपाध्यक्ष का पद मिला है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पेरिस में इस संस्था के मुख्यालय में आयोजित पूर्ण सत्र की बैठक के समापन पर केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल को इसका उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

अग्रवाल मध्य प्रदेश कैडर के 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं और एफएटीएफ में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख के तौर पर काम कर चुके हैं।

एफएटीएफ ने एक बयान में कहा, ‘सदस्यों ने ब्रिटेन को मिलने वाली अध्यक्षता के तहत एफएटीएफ की प्राथमिकताओं को मंजूरी दी और भारत के विवेक अग्रवाल को एफएटीएफ का नया उपाध्यक्ष (जुलाई 2026-जून 2027) नियुक्त किया।’

एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि अग्रवाल ब्रिटेन के जाइल्स थॉमसन की जगह लेंगे। उन्होंने बताया कि थॉमसन एक जुलाई 2025 से इस पद पर हैं।

इस बीच, वित्त मंत्रालय ने इस घटनाक्रम को धनशोधन और आतंकवाद से जुड़े वित्तपोषण के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में भारत के बढ़ते नेतृत्व की स्वीकारोक्ति बताया।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘इस नियुक्ति से एक भारतीय अधिकारी धनशोधन रोधी और आतंकवाद के वित्तपोषण को रोकने के लिए मानक तय करने वाली वैश्विक संस्था के शीर्ष पद पर आसीन हुए हैं।’

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में