भारत ने विनिर्माण क्षेत्र में फ्रांसीसी निवेश का आह्वान किया
भारत ने विनिर्माण क्षेत्र में फ्रांसीसी निवेश का आह्वान किया
नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को फ्रांस से भारत के विनिर्माण क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया।
फ्रांस के नीस शहर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में अपने संबोधन में गोयल ने कहा कि भारत विनिर्माण क्षेत्र के लिए बड़े पैमाने पर प्रतिभा और क्षमता उपलब्ध करा सकता है।
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी मौजूद रहे।
गोयल ने कहा, ‘मैं अपने फ्रांसीसी मित्रों को भारत आने, यहां निवेश करने, डिजाइन तैयार करने व नवाचार करने तथा विनिर्माण करने के लिए आमंत्रित करता हूं ताकि वे भारत के बड़े घरेलू बाजार की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ यहां से बाकी दुनिया को भी निर्यात कर सकें।’
उन्होंने कहा कि अनिश्चित वैश्विक आर्थिक माहौल में दुनिया भरोसेमंद और विश्वसनीय साझेदारों के साथ साझेदारी करना चाहती है।
केंद्रीय मंत्री ने रेखांकित किया, ‘भारत यही पेशकश करता है।’
उन्होंने यह भी बताया कि भारत में नवाचार अब एक संस्कृति बन चुका है, जिसे देश के 2,30,000 स्टार्टअप्स से निरंतर बढ़ावा मिल रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी इस समय फ्रांस के दौरे पर हैं। वह शनिवार को फ्रांस के नीस शहर पहुंचे, जिसके साथ ही उनकी एक सप्ताह लंबी विदेशी यात्रा की शुरुआत हुई। इस विदेश दौरे में स्लोवाकिया की दो दिवसीय यात्रा भी शामिल है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत

Facebook


