भारत ने संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह पर हुए हमले को ‘अस्वीकार्य’ बताया

Ads

भारत ने संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह पर हुए हमले को ‘अस्वीकार्य’ बताया

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 11:01 AM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 11:01 AM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) भारत ने संयुक्त अरब अमीरात के बंदरगाह शहर फुजैराह पर हमले और उसमें तीन भारतीय नागरिकों के घायल होने की घटना को मंगलवार को “अस्वीकार्य” करार दिया और निर्दोष नागरिकों व नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की इस शत्रुतापूर्ण कार्रवाई को तत्काल रोकने का आह्वान किया।

भारत की यह प्रतिक्रिया उस घटना के एक दिन बाद आई है जिसमें फुजैराह के एक प्रमुख तेल उद्योग क्षेत्र में ड्रोन हमले के कारण आग लग गई थी। इस घटना में तीन भारतीय घायल हो गए थे। संयुक्त अरब अमीरात ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “फुजैराह पर हुआ हमला अस्वीकार्य है जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।”

उन्होंने कहा, “हम नागरिक बुनियादी ढांचे व निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने की इन शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों को तत्काल रोकने का आह्वान करते हैं।”

जायसवाल ने कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है।

उन्होंने कहा, “हम आह्वान करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही और व्यापार बिना किसी रुकावट के जारी रहे। भारत मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है।”

भाषा

खारी वैभव

वैभव