भाजपा के अगले चुनावी रणक्षेत्र: उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा समेत सात राज्यों पर नजर

Ads

भाजपा के अगले चुनावी रणक्षेत्र: उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा समेत सात राज्यों पर नजर

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 11:56 AM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 11:56 AM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के साथ पूर्वी भारत में अपना वर्चस्व स्थापित करने के बाद भाजपा की नजर अब 2027 में होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों पर है, जिनमें गुजरात, गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश प्रमुख हैं।

पार्टी ने इन राज्यों में चुनाव की तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अगले वर्ष के चुनावी अभियान के लिए जमीनी स्तर पर काम प्रारंभ कर दिया है।

भाजपा के एक सूत्र ने कहा, “पांच राज्यों के चुनाव संपन्न होने के बाद अब पार्टी का ध्यान अगले वर्ष सात राज्यों में होने वाले चुनावों पर केंद्रित होगा। कुछ स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, जिन्हें अब और तेज किया जाएगा।”

नवीन गोवा, गुजरात और उत्तर प्रदेश का दौरा कर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं और इस दौरान उन्होंने पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों व नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठकें कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की है।

वह जल्द ही उत्तराखंड का दौरा करेंगे, जहां अगले वर्ष गोवा, गुजरात, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के साथ चुनाव होने हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भाजपा की सरकार है, जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में है।

हाल ही में संपन्न चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के चुनाव परिणाम आने के बाद जश्न मनाने के लिए यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवीन ने सोमवार को कहा कि चुनाव परिणाम इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “अटूट विश्वास” बनाए हुए है।

उन्होंने कहा, “गंगोत्री से गंगासागर तक राजग-भाजपा की सरकार बन रही है। यह केवल भौगोलिक विस्तार नहीं, बल्कि हमारे नेतृत्व और दृष्टि में लोगों के विश्वास का विस्तार है।”

उन्होंने कहा, “मैं अपने प्रिय नेता और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को आश्वस्त करता हूं कि आप नेतृत्व करते रहें, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ आने वाले समय की तैयारियों में जुट चुके हैं।”

भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सोमवार को 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया।

असम में सत्तारूढ़ राजग दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने वाला है। राजग ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने 82 सीट पर जीत हासिल की जबकि उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीट पर जीत मिली है।

राज्य में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया है। इससे पहले 2021 और 2026 के चुनावों में उसने 60-60 सीटें जीती थीं।

तमिलनाडु में भाजपा ने अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन में 20 सीटों पर चुनाव लड़ा, जिनमें उसे केवल एक सीट पर जीत मिली।

केरल में भाजपा ने तीन विधानसभा सीटें जीतकर उल्लेखनीय बढ़त हासिल की है। राज्य में अब तक पारंपरिक रूप से यूडीएफ और एलडीएफ के बीच द्विध्रुवीय मुकाबला रहा है, जहां भाजपा लंबे समय से राजनीतिक आधार बनाने का प्रयास करती आ रही है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव