दो लापता नाविकों का पता लगाने के लिए यूक्रेनी अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए है भारत: विदेश मंत्रालय

Ads

दो लापता नाविकों का पता लगाने के लिए यूक्रेनी अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए है भारत: विदेश मंत्रालय

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 09:04 PM IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) भारत ने मंगलवार को कहा कि वह पिछले सप्ताह ओडेसा बंदरगाह पर एक मालवाहक जहाज पर हमले के बाद लापता हुए दो भारतीय नाविकों की तलाश में यूक्रेन के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर 25 जुलाई को मालवाहक जहाज ‘एमवी एजीएन रैग्नर’ पर हमला हुआ था। उस समय जहाज पर चालक दल के चार भारतीय सदस्य मौजूद थे, जिनमें से दो लापता हो गए।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एमवी रैग्नर के चालक दल के दो भारतीय सदस्य सुरक्षित हैं और बाकी दो की तलाश जारी है।

उन्होंने कहा, “उनकी तलाश जारी है और भारतीय अधिकारी स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। हम दो लापता भारतीय नाविकों के परिवारों के भी संपर्क में हैं। उनकी मदद के लिए हम हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।”

पिछले कुछ महीने में भारत लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और स्वतंत्र आवाजाही तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार बिना किसी रुकावट के जारी रहना चाहिए।

जायसवाल ने कहा कि रूस-यूक्रेन संघर्ष को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाया जाना चाहिए, यही भारत का स्पष्ट रुख है।

उन्होंने कहा, “हमने दोनों पक्षों, अपने साझेदारों, मित्र देशों और अन्य देशों से साफ कहा है कि किसी भी स्थिति में व्यापारिक जहाजों, नाविकों, आम नागरिकों या असैन्य ढांचे पर हमला नहीं होना चाहिए।”

जायसवाल ने कहा, “काला सागर क्षेत्र में हुए ऐसे हमलों की हमने निंदा की है।”

उन्होंने बताया कि इस समय होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में, फारस की खाड़ी में भारत के छह जहाज मौजूद हैं और इन जहाजों पर 125 भारतीय नाविक सवार हैं।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल