पश्चिम एशिया घटनाक्रमों पर बारीक नजर है भारत की : जायसवाल
पश्चिम एशिया घटनाक्रमों पर बारीक नजर है भारत की : जायसवाल
नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमले को पांच दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा किए जाने के तुरंत बाद भारत ने सोमवार को कहा कि वह पश्चिम एशिया से संबंधित सभी घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रहा है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने ईरान के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की समयसीमा बढ़ा दी है, और अमेरिका ईरानी ऊर्जा स्थलों पर हमलों को पांच दिन के लिए टाल रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कोई विवरण साझा किए बिना यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के ‘‘पूर्ण और समग्र समाधान’’ के लिए अमेरिका तथा ईरान के बीच ‘‘सार्थक बातचीत’’ हुई है।
ट्रंप की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेसवार्ता में कहा कि नयी दिल्ली घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इन घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।’’
जायसवाल ने पश्चिम एशिया के प्रमुख देशों के साथ भारत के लगातार संपर्क में रहने और नयी दिल्ली द्वारा इस क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि आप जानते हैं, प्रधानमंत्री पश्चिम एशिया क्षेत्र में जारी संघर्ष को लेकर कई विश्व नेताओं से बात कर रहे हैं।’’
भाषा
नेत्रपाल नरेश
नरेश

Facebook


