भारत ने हालिया पाक-तालिबान सीमा संघर्ष पर पाकिस्तान के ‘बयान’ को खारिज किया

भारत ने हालिया पाक-तालिबान सीमा संघर्ष पर पाकिस्तान के ‘बयान’ को खारिज किया

भारत ने हालिया पाक-तालिबान सीमा संघर्ष पर पाकिस्तान के ‘बयान’ को खारिज किया
Modified Date: March 12, 2026 / 09:35 pm IST
Published Date: March 12, 2026 9:35 pm IST

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) भारत ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तानी सैनिकों और तालिबान के बीच हालिया झड़पों में भारतीय हाथ होने के पाकिस्तान के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी तरह की “कहानी” इस तथ्य को नहीं बदल सकती कि पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद का समर्थन करता है।

भारत ने भारत-कनाडा यूरेनियम समझौते पर पाकिस्तान की आलोचना को भी खारिज कर दिया और उसकी प्रतिक्रिया को “हास्यास्पद” और उसके “बेहद खराब प्रदर्शन” से ध्यान भटकाने का प्रयास बताया।

पाकिस्तान-तालिबान सीमा विवाद से संबंधित पाक के आरोपों पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अपनी गलतियों के लिए भारत को दोषी ठहराना पाकिस्तान की “आदत” बन गई है।

जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “मैं यह कहना चाहूंगा कि हम ऐसे निराधार आरोपों को खारिज करते हैं। अपनी गलतियों के लिए भारत को दोषी ठहराना पाकिस्तान की आदत सी बन गई है।”

उन्होंने कहा, “दशकों से आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले देश के रूप में, सीमा पार आतंकवाद के मामले में पाकिस्तान की विश्वसनीयता शून्य है। किसी भी तरह की कहानी इस वास्तविकता को नहीं बदल सकती, और न ही पाकिस्तान के कथित पीड़ित होने के दावों से कोई मूर्ख बन सकता है।”

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के तालिबान पर भारत के लिये काम करने का आरोप लगाया था।

भाषा प्रशांत रंजन

रंजन


लेखक के बारे में