भारत ने काबुल के पुनर्वास केंद्र पर पाकिस्तान के हवाई हमले की कड़ी निंदा दी
भारत ने काबुल के पुनर्वास केंद्र पर पाकिस्तान के हवाई हमले की कड़ी निंदा दी
नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) भारत ने मंगलवार को काबुल में एक नशामुक्ति केंद्र पर पाकिस्तान के हवाई हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता पर ‘‘खुला हमला’’ और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए खतरा बताया।
अफगान तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने कहा कि सोमवार रात पाकिस्तान द्वारा की गई बमबारी में अफगानिस्तान की राजधानी में स्थित एक नशामुक्ति केंद्र को निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि इस हमले में कम से कम 400 लोग मारे गए और 250 अन्य घायल हुए हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत सोमवार रात काबुल के एक नशामुक्ति अस्पताल पर पाकिस्तान के बर्बर हवाई हमले की कड़ी निंदा करता है।
इसने एक बयान में कहा, ‘‘यह हिंसा का एक कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य है जिसमें एक ऐसे प्रतिष्ठान में बड़ी संख्या में नागरिकों की जान चली गई जिसे किसी भी तरह से सैन्य लक्ष्य के रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता।’’
मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान अब ‘‘नरसंहार को सैन्य अभियान का रूप देने की कोशिश कर रहा है।’’
बयान में कहा गया, ‘‘पाकिस्तान द्वारा किया गया यह जघन्य आक्रमण अफगानिस्तान की संप्रभुता पर एक खुला हमला, और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए सीधा खतरा है।’’
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह पाकिस्तान के लापरवाही भरे रवैये और आंतरिक विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए सीमा पार हिंसक कृत्य के हथकंडे को दर्शाता है।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


