पश्चिम एशिया की तनावपूर्ण स्थिति के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में :श्रृंगला

पश्चिम एशिया की तनावपूर्ण स्थिति के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में :श्रृंगला

पश्चिम एशिया की तनावपूर्ण स्थिति के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में :श्रृंगला
Modified Date: March 23, 2026 / 06:15 pm IST
Published Date: March 23, 2026 6:15 pm IST

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) राज्यसभा में सोमवार को मनोनीत सदस्य हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि पश्चिम एशिया की तनावपूर्ण स्थिति स्थिति के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में है तथा सरकार ने न सिर्फ तात्कालिक बल्कि दीर्घकालिक उपाय भी किए हैं।

उच्च सदन में अनुदान की अनुपूरक मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति से पूरी दुनिया प्रभावित हुई है और उससे बचना कठिन है लेकिन भारत ने स्थिति के मद्देनजर उपाय किए हैं।

उन्होंने एक लाख करोड़ रुपये के आर्थिक स्थिरीकरण कोष का जिक्र करते हुए कहा कि अनुपूरक मांगों में इसके लिए प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार अभी 725 अरब अमेरिकी डॉलर है जो 11 महीने से अधिक समय की आयात जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि कई देशों में यह राशि दो-तीन महीने की आयात जरूरतों के लिए ही पर्याप्त होती है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में जब ज्यादातर देशों की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) घट रही है, भारतीय अर्थव्यवस्था सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति की दर भी नियंत्रण में है।

श्रृंगला ने कहा कि सरकार का जोर स्वच्छ ऊर्जा पर है और इसके लिए उसने सौर एवं पवन ऊर्जा के उत्पादन पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए शांति विधेयक लाया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसे कदमों के पीछे सरकार का मकसद आयात में कमी लाना है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां की सरकार ने पीएम सौर घर और आयुष्मान भारत जैसी अहम योजनाओं को लागू नहीं किया है जिससे आम आदमी को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि एक समय पश्चिम बंगाल विकसित राज्य होता था लेकिन अब वह सबसे कम विकसित राज्यों की सूची में है।

श्रृ्ंगला ने बंगाल के चाय श्रमिकों का वेतन कई अन्य राज्यों की अपेक्षा काफी कम होने का दावा किया।

चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा के महाराजा संजाओबा लेशंबा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर राज्यों के विकास पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि करों में पूर्वोत्तर राज्यों की हिस्सेदारी बढ़ी है जिससे उनकी वित्तीय स्वायत्तता को बल मिला है।

भाजपा की धर्मशीला गुप्ता ने मौजूदा विनियोग विधेयक को विकास को गति देने वाला, सुरक्षा को सुदृढ़ करने वाला और आम आदमी को सशक्त बनाने वाला करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजटीय औपचारिकता नहीं बल्कि भरोसे का प्रतीक है कि देश विकास की राह में अग्रसर है।

उन्होंने सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को रेखांकित किया और 2014 से पहले बैंकिंग प्रणाली ‘एनपीए’ की समस्या से जूझ रही थी और वह सरकार नीतिगत पंगुता की शिकार थी लेकिन इस सरकार ने विकास और अनुशासन के बीच संतुलन स्थापित किया है।

भाषा अविनाश माधव

माधव


लेखक के बारे में