ईरानी सेना की गोलीबारी के बीच एक भारतीय पोत ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार किया, चार अन्य वापस लौटे
ईरानी सेना की गोलीबारी के बीच एक भारतीय पोत ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार किया, चार अन्य वापस लौटे
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से बंद किए जाने के बीच भारतीय ध्वज वाला एक तेल टैंकर इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को सफलतापूर्वक पार कर गया, जबकि कम से कम चार अन्य जहाज वापस लौट गए।
जहाजों के निगरानी आंकड़ों के अनुसार, ‘देश गरिमा’ नामक तेल टैंकर ने शनिवार को जलडमरूमध्य पार किया। भारतीय नौवाहन निगम लिमिटेड (एससीआई) का यह टैंकर मार्च की शुरुआत से इस मार्ग को पार करने वाला भारतीय ध्वज वाला 10वां जहाज है।
‘मरीनट्रैफिक’ के अनुसार, शनिवार शाम तक यह टैंकर ओमान की खाड़ी में आगे बढ़ रहा था।
आंकड़ों से यह भी पता चला कि तेल टैंकर ‘सनमार हेराल्ड’, ‘देश वैभव’ और ‘देश विभोर’ के साथ-साथ मालवाहक पोत ‘जग अर्नव’ ने अवरोध बिंदु के पास अपना मार्ग बदल लिया। इसके साथ ही फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले जहाजों की संख्या 14 हो गई है।
सरकारी स्वामित्व वाली एससीआई ‘देश वैभव’ और ‘देश विभोर’ को संभालती है, जबकि ‘सनमार हेराल्ड’ का संचालन सनमार शिपिंग और ‘जग अर्नव’ का संचालन ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग कंपनी करती है।
‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ के अनुसार, एक टैंकर ने सूचना दी कि ओमान के उत्तर-पूर्व में लगभग 20 समुद्री मील दूर ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ की दो नौकाओं से गोलीबारी की गई। माना जा रहा है कि इसी कारण भारतीय जहाजों ने रास्ता बदल लिया।
‘टैंकरट्रैकर्सडॉटकॉम’ के अनुसार, इराकी कच्चे तेल से लदे एक सुपरटैंकर सहित भारतीय ध्वज वाले दो जहाजों को गोलीबारी के बाद वापस लौटना पड़ा।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


