भारतीय युवा कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से हाफ मैराथन का आयोजन किया

भारतीय युवा कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से हाफ मैराथन का आयोजन किया

भारतीय युवा कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से हाफ मैराथन का आयोजन किया
Modified Date: February 15, 2026 / 07:03 pm IST
Published Date: February 15, 2026 7:03 pm IST

जम्मू, 15 फरवरी (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर को नशामुक्त बनाने के मकसद से यहां एक ‘हाफ मैराथन’ का रविवार को आयोजन किया। पार्टी के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि मौलाना आजाद स्टेडियम में जम्मू भर से एकत्रित हुए सैकड़ों उत्साही युवाओं ने पांच किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी की तथा नशे से दूर रहने समेत दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

‘हाफ मैराथन’ का आयोजन युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में किया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव जी. ए. मीर, ओलंपियन एवं एआईसीसी सचिव परगट सिंह, पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया तथा इसका समर्थन किया।

शर्मा ने कहा, ‘‘जम्मू में आयोजित युवा हाफ मैराथन के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि नशा कुछ पल की खुशी देता है, लेकिन दौड़ना जीवन भर की आदत है। आज युवाओं के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं।’’

चिब ने कहा कि हाल के वर्षों में जम्मू कश्मीर में मादक पदार्थों का खतरा काफी बढ़ गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘सीमा के उस पार तस्करी गिरोह को नियंत्रित करने में विफलता, जमीनी स्तर पर अपर्याप्त प्रवर्तन और पुनर्वास बुनियादी ढांचे की कमी ने स्थिति को और खराब कर दिया है।’’

उन्होंने कहा कि युवाओं ने एकजुट होकर मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है। ‘‘यह पूरे देश से मादक पदार्थों के दुरुपयोग को खत्म करने की दिशा में एक शुरुआत है।’’

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं जम्मू कश्मीर विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता मीर ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश ऐतिहासिक रूप से शिक्षा और संस्कृति की भूमि रही है, लेकिन मादक पदार्थ परिवारों और छात्रों के भविष्य को नष्ट कर रहे हैं।

भाषा यासिर रंजन

रंजन


लेखक के बारे में