भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था बताती है कि विकसित भारत का सपना जल्द साकार होगा : भाजपा
भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था बताती है कि विकसित भारत का सपना जल्द साकार होगा : भाजपा
नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) सरकार के प्रयासों से देश में तेज गति से विकास होने का दावा करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को कहा कि उथल-पुथल के इस दौर में भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था बताती है कि विकसित भारत का सपना जल्द साकार होगा।
भाजपा की डॉ मेधा विश्राम कुलकर्णी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि देश सर्वोपरि है और देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने विपक्ष पर तंज करते हुए कहा ‘‘लेकिन जो लोग राष्ट्र हित की गंभीरता को नहीं जानते, उनके लिए सदन में हंगामा करना कोई बड़ी बात नहीं है।’’
इससे पहले राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए मनोनीत सी सदानंद मास्टर ने कहा कि पिछले दस वर्षों के शासन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने विकास के कई कदम उठाकर भारतीय अर्थव्यवस्था की जो तस्वीर बदली है उससे विश्व भर में भारत का सम्मान बढ़ा है।
सदानंद ने कहा कि मोदी सरकार राष्ट्रवाद की प्रेरणा से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
उनके प्रस्ताव का समर्थन करते हुए डॉ मेधा ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए ‘‘हमें अथक परिश्रम करना है और आर्थिक समीक्षा बताती है कि हमारी अर्थव्यवस्था कितनी मजबूत है। ’’
मेघा ने कहा, कि ‘उथल-पुथल के इस दौर में भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था बताती है कि विकसित भारत का सपना जल्द साकार होगा।
उन्होंने कहा ‘‘ बीते वर्षों में तीन करोड़ करदाता बढ़े हैं। इसका मतलब है कि युवाओं को रोजगार मिल रहा है, लोगों की आर्थिक क्षमता बढ़ी, वह खरीदी कर रहे हैं और कर भी दे रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि 25 करोड़ से अधिक लोगों का गरीबी रेखा से ऊपर आना बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि चार करोड़ से अधिक आवास बनाए गए, 80 करोड़ लोगों को अनाज दिया गया, 56 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला, 20 लाख से अधिक लोग स्टार्टअप में काम कर रहे हैं। ‘‘यह उपलब्धियां बताती हैं कि मेहनत भी की और मेहनत सफल भी हुई।’’
उन्होंने कहा कि 12 करोड़ से अधिक लाभार्थी मुद्रा योजना के हैं जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। ‘‘महिला सशक्तिकरण का इससे बेहतर उदाहरण और क्या होगा।’’
डॉ मेधा ने कहा ‘‘आज देश में 55 करोड़ से अधिक जन धन खाते हैं। इन्हें आधार से जोड़ा गया और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के चलते पैसा सीधे खातों में गया। कोई हेराफेरी नहीं हुई। पहले की सरकारों ने ऐसा क्यों नहीं किया ? उन्हें काम करने से किसने रोका था? ’’
उन्होंने कहा ‘‘कभी देश के पांच जलमार्ग थे जो आज 100 जलमार्ग हो गए हैं। जल पर्यटन बढ़ने से अर्थव्यवस्था ही मजबूत होगी। पर्यटन, चिकित्सा, शिक्षा, कारोबार हर क्षेत्र में ठोस नीतियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की वजह से हम आगे बढ़ रहे हैं। यह रास्ता विकसित भारत की ओर ही जाता है।’’
डॉ मेधा ने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे अच्छी डिजिटल लेन-देन की प्रौद्योगिकी है। उन्होंने ‘‘कई देश भारत से उसकी भुगतान प्रणाली की तकनीकी जानकारी और मदद ले रहे हैं और उसके अनुसार भुगतान कर रहे हैं। ’’
भाषा
मनीषा माधव
माधव

Facebook


