पलामू में कोयल नदी में फंसे हाथी के घायल बच्चे को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने बचाया

पलामू में कोयल नदी में फंसे हाथी के घायल बच्चे को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने बचाया

पलामू में कोयल नदी में फंसे हाथी के घायल बच्चे को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने बचाया
Modified Date: November 29, 2022 / 08:00 pm IST
Published Date: September 10, 2022 9:32 pm IST

मेदिनीनगर, 10 सितंबर (भाषा) झारखंड के पलामू प्रमंडल में लातेहार जिले के बरवाडीह में कोयल नदी की तेज धार में फंसे हाथी के घायल बच्चे को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बाहर निकाला और उसे बेतला अभयारण्य लाकर उसका इलाज किया जा रहा है।

पलामू बाघ संरक्षित क्षेत्र (पीटीआर) के उपनिदेशक कुमार आशीष ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि आठ और नौ सितम्बर की दरम्यानी रात को कोयल नदी को पार करने के दौरान जंगली हाथियों के झुंड से भटककर एक हाथी का बच्चा नदी की धार में बह गया और घायल हो गया। उनके अनुसार चरवाहों की सूचना पर ग्रामीण और सीआरपीएफ की 112 बटालियन के जवानों ने मौके पर पहुंच कर हाथी के बच्चे को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला एवं इसकी सूचना वन विभाग के कर्मियों को दी।

आशीष ने बताया कि सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी के बच्चे को कार्यालय ले आई और हाथी के बच्चे का प्राथमिक इलाज कर उसे बेतला अभयारण्य पहुंचाया जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बेतला अभयारण्य में जूही हथिनी के साथ हाथी के बच्चे को सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि अभी घायल बच्चे का इलाज किया जा रहा है तथा जब वह स्वथ हो जाएगा तब यह निर्णय लिया जायेगा कि उसे वापस जंगल में छोड़ा जायेगा अथवा उसे यहां वन विभाग की निगरानी में पाला जायेगा।

उन्होंने बताया कि हाथी के बच्चे की दाहिनी आंख एवं कान पर चोट है।

भाषा, इन्दु

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में