दिल्ली में तेज हवाओं के बीच रुक-रुककर बारिश
दिल्ली में तेज हवाओं के बीच रुक-रुककर बारिश
नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) दिल्ली में मंगलवार को बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश हुई और तापमान सामान्य से अधिक 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए “सतर्क रहने” की सलाह दी। इसके तहत आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बहुत हल्की से हल्की बारिश, साथ ही गरज, बिजली और 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने और रात के समय इसमें गति बढ़ने का अनुमान व्यक्त किया गया।
आईएमडी के अनुसार, दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच सफदरजंग में 2.1 मिमी, पालम में 2.6 मिमी, लोधी रोड में 2.8 मिमी, रिज में 2.4 मिमी और आयानगर में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अन्य इलाकों में जनकपुरी में सबसे अधिक चार मिमी वर्षा हुई, जबकि पूसा और मयूर विहार में 2-2 मिमी तथा पीतमपुरा में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली में विभिन्न केंद्रों पर अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। सफदरजंग में 33.7 डिग्री सेल्सियस, पालम में 33.2 डिग्री, लोधी रोड में 33.2 डिग्री, रिज में 33.9 डिग्री और आयानगर में 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की भिन्नता दिखी, जिसमें सफदरजंग में 19.4 डिग्री सेल्सियस, पालम में 19.6 डिग्री, लोधी रोड में 18.0 डिग्री, रिज में 18.4 डिग्री और आयानगर में 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया है।
वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 171 दर्ज किया गया।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, एक अप्रैल से तीन अप्रैल तक वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बने रहने की संभावना है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0–50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51–100 ‘संतोषजनक’, 101–200 ‘मध्यम’, 201–300 ‘खराब’, 301–400 ‘बहुत खराब’ और 401–500 ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
इस बीच, दिल्ली में मार्च 2026 पिछले चार वर्षों में सबसे प्रदूषित रहा है।
यह महीना पिछले चार वर्षों में सबसे गर्म महीनों में भी शामिल रहा, क्योंकि औसत अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले मार्च में सबसे अधिक औसत अधिकतम तापमान 2022 में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
यह पिछले तीन सालों में सबसे ज्यादा बारिश वाला मार्च भी रहा। इस महीने 19.82 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो मार्च 2023 के बाद सबसे अधिक है। मार्च 2023 में बारिश 50.4 मिमी दर्ज की गई थी। वहीं, 2024 और 2025 में दर्ज बारिश 2026 के स्तर से कम रही।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


