परिचयात्मक बैठकें चल रही हैं, जल्द कार्ययोजना की घोषणा करेंगे : राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ
परिचयात्मक बैठकें चल रही हैं, जल्द कार्ययोजना की घोषणा करेंगे : राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ
अयोध्या, आठ सितंबर (भाषा) राम मंदिर ट्रस्ट के नव नियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि फिलहाल ‘परिचयात्मक बैठकें’ चल रही हैं, और वह जल्द ही भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी देंगे।
मिश्रा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या यात्रा से महज कुछ घंटे पहले रेलगाड़ी से शहर पहुंचे।
एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) मिश्रा ने अयोध्या पहुंचने के बाद संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि ‘परिचयात्मक बैठकें’ चल रही हैं, और वह जल्द ही भविष्य की योजना के बारे में बताएंगे।
योगी आदित्यनाथ राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद सामने आने के बाद चौथी बार अयोध्या आए हैं। इस विवाद के सामने आने के बाद मंदिर ट्रस्ट और प्रबंधन में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए।
मिश्रा से सुबह जब योगी आदित्यनाथ की यात्रा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘वह (मुख्यमंत्री) निश्चित रूप से दर्शन के लिए मंदिर आएंगे। अयोध्या के राम मंदिर ने हमेशा मुख्यमंत्री का स्वागत किया है। इस बार भी उनका स्वागत किया जाएगा।’’
सीईओ के रूप में कार्यभार संभालने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ सीईओ की घोषणा हुए छह दिन हो गए हैं। अगर आप थोड़ा और समय देंगे तो मैं आपके सवालों का बेहतर जवाब दूंगा।’’
एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को ऑपरेशन सिन्दूर के पीछे की तकनीकी और परिचालन आधार का विस्तृत विवरण पेश किया था। अभियान के दौरान वह भारतीय वायु सेना की पश्चिमी वायु कमान की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
दो सितंबर को, राम मंदिर के प्रबंधन और संचालन की देखरेख करने वाले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने यहां आयोजित एक बैठक में सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को अपना पहला सीईओ, पूर्व कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि को नया महासचिव और महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया।
ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व करने वाले मिश्रा को ट्रस्ट की चयन समिति द्वारा 5,585 आवेदनों की जांच के बाद तीन उम्मीदवारों की अंतिम सूची में से चुना गया।
ट्रस्ट में अयोध्या के मदन मोहन पांडे, दिल्ली के भागचंदका और शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव को भी नए न्यासी के रूप में शामिल किया गया।
भाषा अरूनव जफर धीरज
धीरज

Facebook


