दिल्ली के होटल में आग लगने की जांच का दायरा बढ़ा; रसोइया गिरफ्तार, प्रबंधक की तलाश जारी

Ads

दिल्ली के होटल में आग लगने की जांच का दायरा बढ़ा; रसोइया गिरफ्तार, प्रबंधक की तलाश जारी

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 12:07 AM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 12:07 AM IST

नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के एक होटल में लगी भीषण आग की जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने होटल के 65 वर्षीय रसोइये को गिरफ्तार कर लिया है और फरार प्रबंधक की तलाश के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि इस त्रासदी से जुड़े घटनाक्रम को समझने के लिए अब तक होटल के कई कर्मचारियों से पूछताछ की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित ‘फ्लरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट’ (बी एंड बी) होटल के रसोइये केशव नेगी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

जांचकर्ताओं के अनुसार, बुधवार सुबह जब आग लगी, उस समय नेगी रसोईघर में खाना बना रहा था।

आग लगने के सही कारण का पता फॉरेंसिक और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा, लेकिन शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि आग संभवत: रसोईघर या उसके आसपास के हिस्से से शुरू हुई।

माना जा रहा है कि नेगी की गवाही से अंततः यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि आग किस वजह से लगी।

पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि आग लगने के बाद कोई बिजली उपकरण फट गया हो, जिससे आग कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई।

जांचकर्ता इन आरोपों की भी जांच कर रहे हैं कि नेगी ने आग लगने का पता चलने के बाद न तो मेहमानों को सचेत किया और न ही उन्हें बाहर निकालने में मदद की।

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आग भड़कने के बाद उसने भूमिगत तल का शटर कथित तौर पर नीचे खींच दिया और वहां से भाग गया।

अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि क्या उसके इस कदम से भूमिगत तल में मौजूद होटल के मेहमानों के बाहर निकलने के रास्ते या बचाव कार्य में बाधा आई।

पुलिस ने कहा कि नेगी से हिरासत में पूछताछ करने से आग लगने से ठीक पहले और बाद के घटनाक्रम, उस समय होटल में मौजूद कर्मचारियों की संख्या और यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि क्या आग बुझाने की कोई कोशिश की गई थी।

होटल के तीन अन्य कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

जांचकर्ता होटल मालिक लवकेश बजाज के बयानों की पुष्टि करने की भी कोशिश कर रहे हैं। बजाज फिलहाल पुलिस हिरासत में है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बजाज से होटल के लाइसेंस, स्वामित्व ढांचे, वित्तीय मामलों, सुरक्षा नियमों के पालन और संचालन संबंधी तौर-तरीकों को लेकर विस्तार से पूछताछ की गई है।

जांच का मुख्य केंद्र बिंदु जय मिश्रा हैं, जो बजाज का करीबी सहयोगी एवं लेखाकार है और माना जाता है कि वह होटल के रोजमर्रा के कामकाज को संभालता था।

आग लगने के बाद से मिश्रा फरार है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम उत्तर प्रदेश और बिहार में छापेमारी कर रही हैं।

जांचकर्ताओं के अनुसार, बजाज ने पुलिस को बताया कि उसने होटल का संचालन मिश्रा को सौंप रखा था। अधिकारी अब दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस प्रतिष्ठान के प्रबंधन में मिश्रा की कितनी भूमिका थी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या होटल आवश्यक अनुमति के बिना भोजन परोस रहा था, खाद्य सामग्री कैसे खरीदी जा रही थी और परिसर में एलपीजी सिलेंडरों का इस्तेमाल कैसे किया जा रहा था।

जांच के तहत आपूर्तिकर्ताओं और होटल के संचालन से जुड़े अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जाने की संभावना है।

इस पांच मंजिला होटल में लगी आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में 16 वर्षीय एक लड़की और किर्गिस्तान, नाइजीरिया, बांग्लादेश, इराक, कांगो, मोजाम्बिक एवं लाइबेरिया सहित विभिन्न देशों के 12 विदेशी नागरिक शामिल थे।

पुलिस ने बजाज के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया है।

भाषा सिम्मी संतोष

संतोष