टोलिडो (अमेरिका), सात जून (एपी) अमेरिका में ओहायो राज्य के टोलिडो शहर में शनिवार को एक सामुदायिक उत्सव स्थल के पास गोलीबारी में कम से कम 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की तलाश जारी है और गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।
टोलिडो के उप पुलिस प्रमुख जो हेफरनन ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कम से कम दो लोग गोलीबारी कर रहे थे और ‘‘संभवतः एक-दूसरे पर गोली चला रहे थे।’’
टोलिडो पुलिस विभाग के अनुसार, गोलीबारी ‘ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल’ के पास हुई, जो शहर के एक ऐतिहासिक जिले में आयोजित होने वाला वार्षिक उत्सव है।
विभाग ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान जारी है।
ओहायो के गवर्नर माइक डिवाइन ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं आज टोलिडो की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हूं। ग्रीष्मकालीन उत्सव ऐसे सुरक्षित स्थलों में आयोजित होने चाहिए, जहां परिवार हिंसा के भय के बिना एक साथ समय बिता सकें।’’
सोशल मीडिया पर साझा किए गए कई वीडियो में गोलीबारी की आवाजों के बीच लोगों को भागते हुए तथा आपातकालीन सेवाकर्मियों को घायल दिखाई दे रहे लोगों की सहायता करते हुए देखा गया।
केविन बेरी नामक एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ इलाके के एक वनस्पति उद्यान में बैठकर संगीत प्रस्तुति का आनंद ले रहे थे, तभी उन्हें कई गोलियों की आवाज सुनाई दी।
बेरी ने बताया कि उन्होंने कम से कम पांच लोगों को गोली लगने से घायल अवस्था में देखा।
ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल, टोलिडो के ऐतिहासिक इलाके में आयोजित होने वाला दो दिवसीय उत्सव है, जिसमें लाइव संगीत, खाद्य स्टॉल और खरीदारी जैसी गतिविधियां शामिल होती हैं।
एपी गोला सुरभि
सुरभि