चंडीगढ़, सात मार्च (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को अमेरिकी सरकार द्वारा भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने की अनुमति देने की छूट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या देश को ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) से चलाया जा रहा है।
मान ने कहा कि वह अखबारों में छपी उन खबरों से हैरान हैं जिनमें कहा गया है कि ‘‘(अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड) ट्रंप ने भारत को रूस से 30 दिनों के लिए तेल खरीदने की अनुमति दे दी है। क्या उन्होंने (ट्रंप ने) भारत को यह अनुमति दी है?’’
मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘तो फिर देश कौन चला रहा है? (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी को जवाब देना चाहिए। क्या व्हाइट हाउस हमारे देश को अनुमति देता है?’’
मान ने पूछा कि मोदी की ऐसी कौन सी ‘‘कमजोरी’’ है जिसके बारे में ट्रंप को पता है कि प्रधानमंत्री को अमेरिकी राष्ट्रपति की ‘‘हर बात माननी पड़ेगी।’’
मान ने कहा कि अमेरिका-भारत अंतरिम व्यापार समझौते से भारतीय बाजार अमेरिकी कृषि उत्पादों, जिनमें सोयाबीन और मक्का शामिल हैं, के लिए खुल गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अब निरस्त किए जा चुके तीन कृषि विधेयकों से भी अधिक खतरनाक है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें ‘विश्वगुरु’ बनना था लेकिन हम ‘विश्व-चेले’ बन रहे हैं।’’
भाषा गोला पवनेश
पवनेश