सवाल पूछना हमारा अधिकार: कांग्रेस ने मोदी के ‘गंदी और नंगी राजनीति’ वाले बयान पर पलटवार किया

Ads

सवाल पूछना हमारा अधिकार: कांग्रेस ने मोदी के 'गंदी और नंगी राजनीति' वाले बयान पर पलटवार किया

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 12:01 AM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 12:01 AM IST

नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ को अपनी ‘गंदी और नंगी’ राजनीति का अखाड़ा बना दिया है।

कांग्रेस ने कहा कि सवाल पूछना उसका अधिकार है और प्रधानमंत्री खुद को बचाने के लिए उसकी आवाज नहीं दबा सकते।

नमो भारत रेल और मेरठ मेट्रो रेल विस्तार सहित विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने रविवार को पहले कहा था कि कांग्रेस का आचरण दर्शाता है कि पार्टी वैचारिक रूप से कितनी ‘दिवालिया और दरिद्र’ हो गई है।

उन्होंने शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के ‘‘कमीज उतारकर’’ विरोध प्रदर्शन करने पर जमकर हमला बोला और आरोप लगाया कि पार्टी ने देश द्वारा आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को अपनी ‘गंदी और नंगी’ राजनीति का अखाड़ा बना दिया।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘सवाल पूछना हमारा अधिकार है। यह इस देश के युवाओं की जिम्मेदारी है। नरेन्द्र मोदी समझौता कर चुके हैं।’’

पार्टी ने कहा, ‘वह खुद को बचाने के लिए हमारी आवाज को दबा नहीं सकते।’

भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर कहा कि एपस्टीन फाइलों में जिन लोगों का नाम सामने आया है, वे दूसरों का नाम उजागर करते अच्छे नहीं लगते।

पार्टी ने कहा, ‘‘उन्हें देश को जवाब देना होगा। आखिर किस बात ने प्रधानमंत्री को समझौता करने और भारत विरोधी व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया…?’’

आईवाईसी के पूर्व प्रमुख और कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने हरियाणा के मंत्री अनिल विज की एक कथित तस्वीर साझा की है, जिसमें वह एक सार्वजनिक सभा संभवत: विरोध रैली में हैं और इसमें वह और भीड़ में मौजूद अन्य लोग कमीज नहीं पहने हैं।

श्रीनिवास ने ‘एक्स’ पर फोटो साझा करते हुए लिखा, ‘‘अगर विरोध प्रदर्शन के लिए टी-शर्ट उतारना नग्नता है, तो इसे क्या कहेंगे?’’

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश