यह बेहद मुश्किल था: जीनत अमान ने अमिताभ बच्चन के साथ ‘डॉन’ के व्हीलचेयर वाले दृश्य पर कहा

Ads

यह बेहद मुश्किल था: जीनत अमान ने अमिताभ बच्चन के साथ ‘डॉन’ के व्हीलचेयर वाले दृश्य पर कहा

  •  
  • Publish Date - April 3, 2026 / 01:35 PM IST,
    Updated On - April 3, 2026 / 01:35 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) अभिनेत्री जीनत अमान ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए अभिनेता अमिताभ बच्चन के साथ अपनी ‘कल्ट’ फिल्म ‘डॉन’ में व्हीलचेयर वाले दृश्य की शूटिंग को याद किया और इसे एक ‘‘बेहद मुश्किल’’ अनुभव बताया।

यह फिल्म 1978 में रिलीज हुई थी और इसमें अमान ने रोमा की भूमिका निभाई थी और बच्चन ने एक खतरनाक अंडरवर्ल्ड डॉन और उसके भोले-भाले हमशक्ल विजय की भूमिका निभाई थी।

अमान ने बृहस्पतिवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म का एक वीडियो सीन साझा किया, जिसमें उन्हें नर्स बनकर बच्चन को व्हीलचेयर पर बिठाकर बाहर ले जाना होता है।

अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें चेहरे के भाव को बनाए रखना था, लेकिन यह उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने लिखा, ‘‘जी हां, यह (1978 की मूल फिल्म) ‘डॉन’ का वही दृश्य है – हमेशा की तरह बेहद साहसी और निडर रोमा पुलिस को चकमा देती है और बेहोश डॉन को अस्पताल के कमरे से लेकर भाग जाती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले भी कई फिल्मों में कलाकारों और क्रू के साथ काम किया था, इसलिए फिल्म की शूटिंग के दौरान मैं पूरी तरह सहज थी। मुझे रोमा का किरदार बहुत पसंद आया। वह बुद्धिमान, साहसी और शालीन थी। भला कौन ऐसी महिला का किरदार नहीं निभाना चाहेगा! दुर्भाग्य से उस दिन सेट पर सहज रहना आसान नहीं था! आप पूछेंगे क्यों? क्योंकि भारी भरकम मिस्टर बच्चन के साथ उस पुरानी सी व्हीलचेयर को चलाना बेहद मुश्किल था। मैं अपने किरदार में थी और मुझे अपने चेहरे पर ऐसा कोई भाव नहीं दिखाना था, जबकि असल में मुझे पूरी ताकत लगानी पड़ रही थी।’’

इस फिल्म का निर्देशन चंद्र बरोट ने किया था और रिलीज के समय यह तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म साबित हुई थी।

इससे प्रेरित होकर अभिनेता और फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने ‘डॉन’ शृंखला की फिल्में बनाई। इनमें शाहरुख खान ने डॉन की भूमिका निभाई और प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अमान के निभाए किरदार रोमा को अदा किया।

अख्तर एक और ‘डॉन’ फिल्म पर भी काम कर रहे हैं। शुरुआत में इस फिल्म में रणवीर सिंह को बच्चन और खान द्वारा निभाई गई भूमिका निभाने के लिए चुना गया था। हालांकि, इस साल की शुरुआत में खबरें आईं कि पटकथा को लेकर रचनात्मक मतभेदों और देरी के कारण रणवीर ने फिल्म छोड़ दी है।

अमान और बच्चन ने ‘डॉन’ के अलावा ‘द ग्रेट गैम्बलर’, ‘दोस्ताना’ और ‘लावारिस’ जैसी फिल्मों में भी साथ काम किया है।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव