आईयूएमएल ने केरल विधानसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन का श्रेय यूडीएफ के संयुक्त प्रयासों को दिया

Ads

आईयूएमएल ने केरल विधानसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन का श्रेय यूडीएफ के संयुक्त प्रयासों को दिया

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 02:31 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 02:31 PM IST

मलप्पुरम (केरल), चार मई (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन कर रही आईयूएमएल ने गठबंधन की बढ़त का श्रेय सोमवार को यूडीएफ के संयुक्त प्रयासों को दिया।

विधानसभा चुनाव में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने जिन 27 सीट पर चुनाव लड़ा है, उनमें से 23 सीट पर वह आगे है।

आईयूएमएल के प्रदेश अध्यक्ष सैयद सादिक अली शिहाब थंगल ने कहा कि यूडीएफ लगभग 100 सीटें जीतने की राह पर है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह चुनाव में यूडीएफ के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। बाकी मामलों पर यूडीएफ के भीतर चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि आईयूएमएल ने अपना वादा निभाया है क्योंकि यूडीएफ मलप्पुरम जिले की सभी सीटों पर जीत हासिल कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने अन्य जिलों में भी अपने प्रदर्शन में सुधार किया है।

मलप्पुरम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले आईयूएमएल के वरिष्ठ नेता पी.के. कुन्हालीकुट्टी ने भी कहा कि यूडीएफ लगभग 100 सीट जीतेगा।

उन्होंने थवनूर में कांग्रेस नेता वी.एस. जॉय की जीत को एक उल्लेखनीय उपलब्धि और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों का एक उदाहरण भी बताया।

थवनूर एक मुस्लिम-बहुल निर्वाचन क्षेत्र है, जहाँ एलडीएफ के उम्मीदवार के.टी. जलील 2011 से लगातार जीतते आ रहे थे।

भाषा शोभना नरेश

नरेश