कोझिकोड (केरल), 22 फरवरी (भाषा) इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने आगामी फिल्म ‘केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ के खिलाफ सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र शाखा एसएफआई द्वारा आयोजित हालिया ‘बीफ फेस्टिवल’ की रविवार को आलोचना की और इसे विरोध जताने का ‘भड़काऊ’ तरीका बताया।
आईयूएमएल के प्रदेश महासचिव पी एम ए सलाम ने आरोप लगाया कि ‘बीफ फेस्टिवल’ मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने के उद्देश्य से किया गया “सस्ता राजनीतिक हथकंडा” है।
मीडिया के एक सवाल पर उन्होंने पूछा कि क्या ‘बीफ’ किसी खास समुदाय से जुड़ा है। सलाम ने पूछा, ‘‘बीफ और किसी समुदाय के बीच क्या संबंध है?
उन्होंने दावा किया कि भारत में कुछ सबसे बड़े बीफ निर्यातकों और बीफ प्रसंस्करण इकाइयों के मालिकों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े लोग और मुसलमान शामिल हैं।
आईयूएमएल नेता ने कहा कि बीफ और मुसलमानों के बीच कोई संबंध नहीं है। वरिष्ठ नेता ने कहा कि ‘बीफ फेस्टिवल’ प्रदर्शन माकपा द्वारा आम मुस्लिम मतदाताओं को गुमराह करने और ‘धोखा देने’ का एक प्रयास था।
आईयूएमएल की ओर से ‘बीफ फेस्टिवल’ के खिलाफ तीखी आलोचना ऐसे समय सामने आई है, जब दो दिन पहले मुस्लिम स्टूडेंट फेडरेशन (एफएसएफ) ने ‘केरल स्टोरी 2’ फिल्म के बहिष्कार का आह्वान किया था, वहीं स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) द्वारा आयोजित ‘बीफ फेस्ट’ पर सवाल उठाए थे।
भाषा आशीष सुभाष
सुभाष