जग्गू भगवानपुरिया गिरोह का सदस्य मोल्दोवा से प्रत्यर्पित : पंजाब पुलिस
जग्गू भगवानपुरिया गिरोह का सदस्य मोल्दोवा से प्रत्यर्पित : पंजाब पुलिस
(तस्वीरों के साथ पुन: जारी)
चंडीगढ़, 12 सितंबर (भाषा) केंद्रीय एजेंसियों की मदद से जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को पंजाब पुलिस मोल्दोवा गणराज्य से प्रत्यर्पित कराकर भारत लेकर आई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि ऐसा पहली बार है जब पंजाब पुलिस ने यूरोप के किसी देश से किसी आरोपी को प्रत्यर्पित कराया है।
यादव ने बताया कि अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम हत्या, हत्या के प्रयास, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), आयुध अधिनियम और मादक पदार्थों से जुड़े कई मामलों में वांछित था।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पंजाब पुलिस द्वारा यूरोप के किसी देश से कराया गया यह पहला प्रत्यर्पण है और संगठित अपराध के खिलाफ हमारी लड़ाई में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।’’
यादव ने बताया कि ‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छह महीने तक अमृतपाल की तलाश की गई। यह अभियान पंजाब पुलिस के गैंगस्टर रोधी कार्यबल (एजीटीएफ) और विदेश भागे भगोड़ों का पता लगाने एवं उनके प्रत्यर्पण संबंधी प्रकोष्ठ (ओएफटीईसी) ने केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के समन्वय से चलाया।
यादव ने कहा, ‘‘मैं पंजाब के गैंगस्टर रोधी कार्यबल (एजीटीएफ) और ओएफटीईसी की अथक कोशिशों की सराहना करता हूं।’’
उन्होंने मोल्दोवा और अजरबैजान के अधिकारियों, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई (आईपीसीयू), केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को भी धन्यवाद दिया।
पंजाब पुलिस ने विदेश में रह रहे गैंगस्टरों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक आशीष चौधरी की अगुवाई में ओएफटीईसी का गठन किया था।
भाषा सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल
सिम्मी

Facebook


