मेंढर/जम्मू, 25 फरवरी (भाषा) सुरक्षा बलों ने बुधवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के एक सीमावर्ती गांव में आतंकवादियों के ठिकाने का पता लगाया और दो परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी) तथा एक पिस्तौल सहित हथियारों का जखीरा बरामद किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी मेंढर क्षेत्र के सैलानी कसबलारी गांव में सेना और स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) द्वारा चलाए गए एक संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान की गई।
उन्होंने बताया कि एक गुफा के भीतर छिपाकर रखे गए इन सामान में दो हथगोले और पिस्तौल के 24 कारतूस भी शामिल थे।
सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘अपने स्रोतों और पुलिस से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर, व्हाइट नाइट कोर के जवानों और एसओजी पुंछ ने मिलकर गनी वन क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान चलाया।’
इसमें कहा गया, ‘अभियान के तहत विस्तृत तलाशी के दौरान मौके से एक बड़ा आईईडी (4.5 किलोग्राम), एक छोटा आईईडी (800 ग्राम), दो चीनी हथगोले, नौ एमएम की एक पिस्तौल, नौ एमएम के दो कारतूस और 7.62 एमएम के 22 कारतूस बरामद किए गए।’
अधिकारियों के मुताबिक, बाद में आईईडी और हथगोलों को नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि समय रहते हथियारों की बरामदगी से सीमावर्ती जिले में एक संभावित आतंकवादी हमले को विफल कर दिया गया है।
भाषा
प्रचेता मनीषा
मनीषा