दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद जम्मू कश्मीर विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद जम्मू कश्मीर विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
जम्मू, दो फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर विधानसभा में सोमवार को दो दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गयी।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के संबोधन से विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत हुई, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने बारामूला के पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद खान (82) और बडगाम के पूर्व एमएलसी(विधान परिषद सदस्य) ख्वाजा गुलाम मोहम्मद लोन (100) के निधन का उल्लेख किया।
विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राठेर ने पिछले साल नवंबर और दिसंबर में दिवंगत हुए दोनों नेताओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित होने से पहले सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा।
पिछली परंपरा से हटकर, केवल राठेर ने ही शोक संदेश के संदर्भ में बात की।
उन्होंने कहा कि कार्य मंत्रणा समिति ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा पिछले सत्र में दिए गए सुझाव को लागू करते हुए शोक संदेशों के संबंध में संसदीय प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब किसी पूर्व सांसद का निधन होता है तो संसद में केवल अध्यक्ष ही शोक संदेश प्रस्तुत करते हैं और कोई अन्य सदस्य चर्चा में भाग नहीं लेता है। हालांकि, अगर किसी मौजूदा सांसद का निधन होता है तो पूरे सदन को बोलने का समय दिया जाता है और उसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाती है। यह स्थापित संसदीय प्रक्रिया है।’’
भाषा
यासिर नरेश
नरेश

Facebook


