जम्मू-कश्मीर: चिनाब नदी में कूदने से पहले युवती ने पिता से फोन पर कहा, ‘बाय-बाय, पापा’
जम्मू-कश्मीर: चिनाब नदी में कूदने से पहले युवती ने पिता से फोन पर कहा, ‘बाय-बाय, पापा’
जम्मू, पांच सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर में डोडा जिले के रहने वाले कृष्ण लाल के पैरों तले उस समय जमीन खिसक गयी, जब शनिवार दोपहर उनकी बेटी ने चिनाब नदी में कूदने से पहले फोन पर उन्हें आखिरी बार ‘बाय-बाय’ कहा।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने युवती की तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया है।
अधिकारियों के अनुसार, पायल देवी ने प्रेम नगर के पास शिव दल पुल से अपराह्न करीब दो बजे नदी में छलांग लगा दी।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तुरंत प्रसारित हो गया।
हालांकि, अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि उसने यह कदम उठाने का फैसला क्यों किया।
शोक में डूबे पिता कृष्ण लाल ने बताया कि पायल दिन में एक स्थानीय मेले में गई थी और बाद में उसने फोन कर बताया था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है और वह चिकित्सक के पास जा रही है।
उन्होंने बताया कि चिकित्सक के उपलब्ध नहीं होने के बाद वह वापस लौट रही थी और इसी दौरान वह एक मोटरसाइकिल पर कथित रूप से सवार हो गई।
पिता ने कहा कि बाद में उन्हें अपनी बेटी के साथ मौजूद एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि वह नदी की ओर भाग गई है।
कृष्ण लाल ने बताया कि पायल ने कहा था, “कोई मेरे पास न आए।”
लाल ने इसके बाद फोन पर उससे बात की और बार-बार पूछा कि क्या हुआ है और क्या किसी ने उसके साथ कुछ कहा या किया है।
कृष्ण लाल के अनुसार, पायल ने जवाब दिया, “नहीं, पापा। यह मेरी अपनी जिंदगी है। मेरा मन कहता है कि मुझे इसी रास्ते पर जाना चाहिए।”
उन्होंने बताया कि इसके बाद पायल ने उनसे कहा, “बाय-बाय, पापा और फिर फोन कट गया।”
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


