जम्मू-कश्मीर भाजपा ने निर्वाचन आयोग पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की
जम्मू-कश्मीर भाजपा ने निर्वाचन आयोग पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की
जम्मू, 27 सितंबर (भाषा) मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस के देशव्यापी अभियान के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने रविवार को संवैधानिक संस्था के खिलाफ ‘‘बेबुनियाद आरोप’’ लगाने को लेकर पार्टी नेता राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का बचाव करते हुए जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने कहा कि यह आयोग की जिम्मेदारी है कि चुनावों में केवल पात्र मतदाता ही हिस्सा लें और कोई भी नागरिक यह नहीं चाहेगा कि अपात्र मतदाता मतदान करें।
शर्मा ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने बार-बार संवैधानिक संस्थाओं, खासकर निर्वाचन आयोग (ईसी) की स्वतंत्रता पर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा-नीत सरकार के प्रभाव में काम कर रहा है।
निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस का अभियान समाचार पत्र ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की उस रिपोर्ट के बाद शुरू हुआ, जिसमें कहा गया था कि तीन निर्वाचन आयुक्तों में से दो -सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी- ने एसआईआर से जुड़े मुद्दों पर बार-बार सवाल उठाए थे।
शर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग के भीतर कथित मतभेदों से जुड़ी खबरें ‘‘बेबुनियाद’’ हैं। उन्होंने तीनों निर्वाचन आयुक्तों के हाल के संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि वे एसआईआर से जुड़े मामलों पर मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी और कांग्रेस को देश और जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि देश की जनता ‘‘बेबुनियाद झूठ’’ को बर्दाश्त नहीं करेगी।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


