जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने ईरानी नौसैनिक पोत पर हुए हमले को लेकर चिंता जताई

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने ईरानी नौसैनिक पोत पर हुए हमले को लेकर चिंता जताई

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने ईरानी नौसैनिक पोत पर हुए हमले को लेकर चिंता जताई
Modified Date: March 5, 2026 / 02:41 pm IST
Published Date: March 5, 2026 2:41 pm IST

(फोटो के साथ)

जम्मू, पांच मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को एक ईरानी नौसैनिक पोत के डूबने की खबर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पोत और इसका चालक दल एक बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास के लिए भारत के अतिथि थे।

यह घटना पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद सामने आई है। बुधवार को अमेरिका की एक पनडुब्बी ने ईरान के एक नौसैनिक पोत पर टॉरपीडो से हमला कर उसे श्रीलंका के तट के पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में डुबो दिया। यह पोत भारत द्वारा आयोजित ‘मिलन नौसैनिक अभ्यास’ से लौट रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ईरानी नौसैनिक पोत पर हमला हुआ। वे हमारे मेहमान थे और नौसैनिक अभ्यास के लिए यहां आए थे। लौटते समय उन पर हमला हुआ। किसी न किसी तरह से हमारा देश भी इस स्थिति में घसीटा जा रहा है। भविष्य में क्या होगा, यह मेरी कल्पना से बाहर है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ईरान में फंसे जम्मू-कश्मीर के निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए एक कार्यक्रम तैयार करने पर काम कर रही है। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर शांति बनाए रखने की अपील भी की।

शांति बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने बुधवार को श्रीनगर में नागरिक संगठन के सदस्यों और धार्मिक नेताओं से मुलाकात की।

उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों को स्थिति का फायदा उठाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’’

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए अब्दुल्ला ने इसे बिहार सरकार और उसके सहयोगियों का आंतरिक मामला बताया। उन्होंने इससे पूर्व विपक्षी दलों के ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन से नीतीश कुमार के जुड़ाव का जिक्र किया और नामांकन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

नेपाल में पिछले साल के पी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली सरकार के गिरने के बाद हुए आम चुनाव पर टिप्पणी करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि लोकतंत्र के सुचारू संचालन के लिए चुनाव आवश्यक हैं।

नेपाल के सभी 165 निर्वाचन क्षेत्रों में बृहस्पतिवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि मैंने अखबारों में पढ़ा है, वहां एक नया नेता उभरा है। देखते हैं नेपाल की जनता क्या फैसला लेती है।’’

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के संबंध में सरकार के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ‘मिशन युवा’ जैसे प्रमुख कार्यक्रमों के तहत सरकार स्टार्टअप संस्कृति विकसित करने के लिए काम कर रही है और इन योजनाओं के लिए शैक्षणिक संस्थानों में पर्याप्त धनराशि आनी शुरू हो गई है।

भाषा सुरभि देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में