जम्मू कश्मीर के डीजीपी ने अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकवाद-रोधी उपायों की समीक्षा की
जम्मू कश्मीर के डीजीपी ने अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकवाद-रोधी उपायों की समीक्षा की
श्रीनगर, 22 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने सोमवार को आतंकवाद-रोधी उपायों और आगामी अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘डीजीपी ने आगामी श्री अमरनाथजी यात्रा 2026 के लिए आतंकवाद-रोधी उपायों तथा सुरक्षा प्रबंधों का आकलन करने हेतु एक व्यापक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने बताया कि बैठक में दक्षिण कश्मीर में तैनात विभिन्न सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस तथा विक्टर फोर्स के अधिकारी शामिल थे।
संबंधित जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) ने मौजूदा सुरक्षा स्थिति, आतंकवाद-रोधी अभियानों और यात्रा के लिए तैयार की जा रही बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं।
डीजीपी ने सभी सुरक्षा इकाइयों की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की और वार्षिक तीर्थयात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।
सत्तावन दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी। यह यात्रा दो मार्गों से संचालित की जाएगी—पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग तथा अपेक्षाकृत छोटा लेकिन अधिक दुर्गम 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग।
यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर होगा।
भाषा अमित माधव
माधव

Facebook


