जम्मू-कश्मीर: राजौरी में जंगल में आग लगी, विशाल वन क्षेत्र क्षतिग्रस्त

Ads

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में जंगल में आग लगी, विशाल वन क्षेत्र क्षतिग्रस्त

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 05:09 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 05:09 PM IST

जम्मू, 25 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा क्षेत्र में सोमवार को जंगल में भीषण आग लग गई, जिससे जंगल के बड़े हिस्से को व्यापक नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आग रहस्यमय परिस्थितियों में भड़की और शुष्क वनस्पति और मौजूदा मौसम की स्थिति के कारण तेजी से नौशेरा क्षेत्र के कई इलाकों में फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही, वन विभाग, जम्मू-कश्मीर अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमों ने आग पर काबू पाने और उसे आगे फैलने से रोकने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में जंगल का विशाल भूभाग आग की लपटों में घिरा हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि पृष्ठभूमि में मोर सहित सैकड़ों पक्षियों की संकटपूर्ण आवाजें सुनाई दे रही हैं। इस फुटेज ने निवासियों और पर्यावरणविदों के बीच व्यापक चिंता पैदा कर दी है जिन्होंने अधिकारियों से वन्यजीवों को बचाने और आग को जल्द से जल्द बुझाने के प्रयासों को तेज करने का आग्रह किया है।

अधिकारियों ने बताया कि दमकल टीमें दुर्गम इलाके में आग पर काबू पाने और पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आग ने वृक्षारोपण और अन्य वन संपदा के बड़े क्षेत्रों को नष्ट कर दिया है जिससे व्यापक पारिस्थितिक क्षति हुई है।

उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक कुछ भी नुकसान या घायल होने की कोई खबर नहीं है।

आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश