श्रीनगर, 20 फरवरी (भाषा) कश्मीर की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मेडिकल कॉलेज में दाखिले से जुड़े फर्जीवाड़े के एक प्रकरण में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह मामला बांग्लादेश के एक मेडिकल कॉलेज में दाखिले से संबंधित धोखाधड़ी का है।
अधिकारियों ने बताया कि ईओडब्ल्यू ने श्रीनगर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके रिश्तेदार पीरजादा आबिद ने उसे सैयद वसीम से मिलवाया, जो मेसर्स यूरोप कंसल्टेंसी सेंटर के मालिक हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने शिकायतकर्ता के बेटे को बांग्लादेश के मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने का आश्वासन दिया था।
शिकायतकर्ता को ओवरसीज कंसल्टेंसी के मालिकों सैयद सुहैल एजाज और जैगम खान से मिलवाया गया।
अधिकारियों ने बताया, ‘एजाज और जैगम के आश्वासन पर भरोसा कर शिकायतकर्ता ने पार्क व्यू मेडिकल कॉलेज में शुल्क के नाम पर लाखों रुपये दिए।’
उन्होंने कहा कि जांच में पता चला कि आरोपियों ने धोखाधड़ी से लाखों रुपये प्राप्त किए, लेकिन कॉलेज में केवल 8,000 अमेरिकी डॉलर (2021 की विनिमय दरों के अनुसार लगभग 6.04 लाख रुपये) जमा किए।
अधिकारियों ने बताया कि बकाया राशि का भुगतान न होने के कारण छात्र को संस्थान छोड़ने के लिए कहा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि बैंक रिकॉर्ड, मेडिकल कॉलेज से प्राप्त आधिकारिक सूचना और जांच के दौरान दर्ज किए गए बयानों के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ आरोप सिद्ध हुए हैं।
भाषा राखी मनीषा
मनीषा
मनीषा