(अदिति खन्ना)
लंदन, 24 जुलाई (भाषा) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने शुक्रवार को मैनचेस्टर स्थित नए ‘नंबर 10 नॉर्थ’ कार्यालय से कामकाज शुरू किया। इस पहल का उद्देश्य सरकार की सत्ता और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र केवल लंदन स्थित ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ तक सीमित न रखकर उसका विकेंद्रीकरण करना है।
मैनचेस्टर के हेरॉन हाउस में प्रधानमंत्री कार्यालय की नयी उत्तरी शाखा ‘नंबर 10 नॉर्थ’ का बर्नहम के आगमन के साथ औपचारिक रूप से ‘‘कामकाज के लिए खुला’’ घोषित किया गया। यहां उन्होंने वरिष्ठ मंत्रियों, महापौरों और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों की राष्ट्रीय आर्थिक परिषद की पहली बैठक की अध्यक्षता की।
बर्नहम की योजना है कि वह ‘नंबर 10 नॉर्थ’ कार्यालय में हर सप्ताह कम से कम एक दिन काम करेंगे। उनका कहना है कि यह केवल एक नया कार्यालय नहीं होगा।
कार्यालय के अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह सिर्फ एक नया दफ्तर नहीं है। इस स्थान के माध्यम से सत्ता का विकेंद्रीकरण होगा, नयी ऊर्जा का संचार होगा और नए विचारों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।’’
बर्नहम ने कहा, ‘‘मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि यह मेरे लिए कितना गर्व का क्षण है। मुझे लगता है कि यह शायद मेरे जीवन का सबसे बेहतरीन दिन है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी पीढ़ी के लोगों के लिए, जो यहां पले-बढ़े, और यही बात देश के कई अन्य इलाकों पर भी लागू होती है, जीवन में आगे बढ़ने के लिए अपने शहर या क्षेत्र को छोड़ना पड़ता था, क्योंकि वहां अवसर नहीं थे। ‘नंबर 10 नॉर्थ’ का उद्देश्य इसी सोच को बदलना है—देश के हर इलाके तक निर्णय लेने की शक्ति पहुंचाना, ताकि लोग अपने क्षेत्र में रहकर ही बदलाव ला सकें और विकास कर सकें, जैसा इस शहर और इंग्लैंड के अन्य शहरों ने सत्ता के विकेंद्रीकरण के जरिए किया है।’’
सोमवार को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने वाले बर्नहम के साथ मैनचेस्टर में वित्त मंत्री जॉन हीली और लुईस हेग भी मौजूद थीं। हेग नवगठित प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के लिए कार्यालय की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। यह नया विभाग ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’, ‘नंबर 10 नॉर्थ’ और मंत्रिमंडल कार्यालय को एकीकृत रूप से संचालित करेगा।
भाषा आशीष नरेश
नरेश