श्रीनगर, 19 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग (सीआईके) ने यहां एक ‘अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सीआईके-सीआईडी को विदेशी और स्थानीय नागरिकों को निशाना बनाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने में शामिल ‘‘फर्जी कॉल सेंटरों’’ के संबंध में कई तकनीकी और विश्वसनीय जानकारी प्राप्त हुई।
उन्होंने कहा, ‘सीआईके ने तुरंत विशेष टीमों का गठन किया और कई स्थानों पर व्यवस्थित निगरानी, डिजिटल खुफिया जानकारी एकत्र करने और सत्यापन का कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप अंततः श्रीनगर के रंगरेथ स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक प्रमुख परिचालन केंद्र की पहचान की गई।’
इसके बाद, बुधवार को सीआईके की एक टीम ने श्रीनगर शहर के विभिन्न हिस्सों में त्वरित और सुनियोजित छापेमारी की। छापेमारी के दौरान, सात संदिग्धों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में डिजिटल और संचार उपकरण जब्त किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सामान में 13 मोबाइल फोन, नौ लैपटॉप, वीओआईपी (वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) सिस्टम, सिम कार्ड, नेटवर्किंग उपकरण और डिजिटल स्टोरेज मीडिया शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जब्त किए गए सामान, स्पष्ट रूप से एक अत्यधिक संगठित और तकनीकी रूप से उन्नत आपराधिक गिरोह संचालित किए जाने के संकेत देते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा तान्या शोभना
शोभना