जम्मू-कश्मीर: बांदीपोरा में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी आका की जमीन जब्त

जम्मू-कश्मीर: बांदीपोरा में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी आका की जमीन जब्त

जम्मू-कश्मीर: बांदीपोरा में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी आका की जमीन जब्त
Modified Date: May 14, 2026 / 06:58 pm IST
Published Date: May 14, 2026 6:58 pm IST

श्रीनगर, 14 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को हिजबुल मुजाहिदीन के एक आतंकी आका की अचल संपत्ति जब्त कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आतंकी तंत्र पर अपनी कार्रवाई को जारी रखते हुए, सोपोर पुलिस ने उत्तरी कश्मीर में बांदीपोरा जिले के केहनुसा क्षेत्र में स्थित 10 मरला जमीन को जब्त कर लिया है, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये है।

उन्होंने कहा कि यह संपत्ति सोपोर के न्यू कॉलोनी निवासी माजिद अहमद सोफी उर्फ ​​बिसाती की थी, जो सीमा पार से कथित तौर पर आतंकवाद से संबंधित गतिविधियों में शामिल था।

प्रवक्ता ने बताया कि गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सोपोर पुलिस थाने में दर्ज एक मामले के संबंध में संपत्ति को जब्त किया गया था।

प्रवक्ता ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान या पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से संबद्ध आतंकी आका के रूप में काम कर रहा है। आरोपी कश्मीर घाटी में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने और उन्हें अंजाम देने में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सोपोर पुलिस ने उचित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यकारी मजिस्ट्रेट, संबंधित राजस्व अधिकारियों और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में कुर्की की कार्रवाई की।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में