जम्मू-कश्मीर : खराब मौसम की वजह से मचैल माता और मिंधल माता मंदिर की यात्रा रोकी गई

Ads

जम्मू-कश्मीर : खराब मौसम की वजह से मचैल माता और मिंधल माता मंदिर की यात्रा रोकी गई

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 05:17 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 05:17 PM IST

जम्मू, एक जुलाई (भाषा) जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में स्थित मचैल माता और मिंधल माता मंदिर की तीर्थयात्रा बुधवार को भारी बारिश और खराब मौसम की वजह से स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार बारिश, फिसलन भरी सड़कों और चट्टान गिरने के खतरे के मद्देनजर यह फैसला लिया गया।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘किश्तवाड़ में लगातार बारिश, फिसलन भरी सड़कें और चट्टान गिरने के खतरे के मद्देनजर बुधवार को मचैल माता यात्रा और मिंधल माता मंदिर तक की यात्रा स्थगित रहेगी।’’

उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा न करें और अगली सूचना मिलने तक अपने घरों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

खूबसूरत पड्डर घाटी में स्थित मचैल माता मंदिर की तीर्थ यात्रा 14 अप्रैल को सर्दियों के बाद कपाट खोले जाने के साथ शुरू हुई। करीब 9,705 फुट की ऊंचाई पर स्थित मंदिर में अब तक करीब 90,000 श्रद्धालु मचैल माता के दर्शन कर चुके हैं।

हिमाचल प्रदेश के पांगी में बालसू गांव से मिंधल दरबार के लिए पवित्र छड़ी के प्रस्थान के साथ एक जून को वार्षिक मिंधल माता यात्रा शुरू हुई।

पिछले साल 14 अगस्त को मचैल माता तीर्थ के प्रवेश द्वार माने जाने वाले चिसोती गांव में बादल फटने की भयानक घटना हुई थी, जिसमें ज़्यादातर श्रद्धालु समेत 63 लोगों की मौत हो गई, कई लोग घायल हो गए और करीब 30 लोग लापता हो गए थे।

भाषा धीरज नरेश

नरेश