(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, एक जुलाई (भाषा) भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे की हिरासत में मौजूद कैदियों की सूची बुधवार को आपस में साझा की, जिनमें मछुआरे भी शामिल हैं। विदेश कार्यालय ने यह जानकारी दी।
विदेश कार्यालय के अनुसार, दोनों देशों ने ‘राजनयिक पहुंच’ को लेकर हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत राजनयिक माध्यम से कैदियों की सूचियों का आदान-प्रदान किया।
यह समझौता 21 मई 2008 को हुआ था। दोनों पक्षों के लिए हर साल एक जनवरी और एक जुलाई को ऐसी सूची का आदान-प्रदान करना आवश्यक है।
विदेश कार्यालय ने कहा, ‘‘पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग को पाकिस्तान में मौजूद 250 भारतीय कैदियों (52 आम नागरिक और 198 मछुआरे) की सूची सौंपी।’’
पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने बताया, ‘‘साथ ही, भारत सरकार ने भारतीय जेलों में बंद 439 पाकिस्तानी या पाकिस्तानी माने जाने वाले कैदियों की एक सूची सौंपी, जिनमें 386 आम नागरिक और 53 मछुआरे शामिल हैं।’’
विदेश कार्यालय ने बताया कि इसके अलावा, भारत सरकार से उन 97 पाकिस्तानी कैदियों (64 आम नागरिक और 33 मछुआरे) को रिहा करने और स्वदेश भेजने का आग्रह किया गया, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है और जिनकी राष्ट्रीयता की पुष्टि हो चुकी है।
भाषा
सुभाष अविनाश
अविनाश