श्रीनगर, 13 फरवरी (भाषा) जम्मू और कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को कुलगाम जिले में एक कथित मादक पदार्थ तस्कर की 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कुर्क की गयी संपत्तियों में मणिगम गांव में छह दुकानें, पांच गोदाम, एक टिन शेड और एक चबूतरा शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि ये संपत्तियां कुलगाम के निपोरा इलाके के निवासी मोहम्मद अशरफ खंडे की हैं, जो कथित तौर पर बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल है।
उन्होंने कहा कि यह साबित हो जाने के बाद कि ये संपत्तियां अवैध मादक पदार्थ के धंधे से अर्जित की गयी हैं, यह कार्रवाई स्वापक एवं मन: प्रभावी औषधि (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कुर्क की गई संपत्ति का बाजार मूल्य लगभग 1.5 करोड़ रुपये है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई कुलगाम पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को नष्ट करने के लिए चलाए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश