जम्मू-कश्मीर : संदिग्ध गतिविधि के बाद कठुआ में तलाशी अभियान
जम्मू-कश्मीर : संदिग्ध गतिविधि के बाद कठुआ में तलाशी अभियान
जम्मू, 20 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह तलाशी अभियान बिलावर के जंगलों में उधमपुर-कठुआ सीमा के पास स्थित वन क्षेत्र में शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार देर रात बिलावर क्षेत्र के एक गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर एक घर का दरवाजा खटखटाया।
परिवार ने दरवाजा नहीं खोला, लेकिन अगले दिन उन्हें पता चला कि घर में रखा खाना गायब था। इससे उन्हें संदेह हुआ कि कोई व्यक्ति घर के अंदर घुसा था।
कठुआ के पुलिस अधीक्षक (अभियान) प्रीतपाल सिंह ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बनाए रखने के लिए इस तरह के नियमित तलाशी अभियान चलाए जाते हैं।
सिंह ने कहा, “सतर्कता बनाए रखने के लिए इस तरह के नियमित अभियान चलाए जाते हैं। जहां तक संदिग्ध गतिविधि की सूचना का सवाल है, यह सीमावर्ती इलाका है। इसी को ध्यान में रखते हुए हम यह तलाशी अभियान चला रहे हैं।”
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


