जम्मू कश्मीर: कटरा में हुए हमले के मामले में दो नाबालिग समेत छह को पकड़ा

जम्मू कश्मीर: कटरा में हुए हमले के मामले में दो नाबालिग समेत छह को पकड़ा

जम्मू कश्मीर: कटरा में हुए हमले के मामले में दो नाबालिग समेत छह को पकड़ा
Modified Date: May 9, 2026 / 06:35 pm IST
Published Date: May 9, 2026 6:35 pm IST

जम्मू, नौ मई (भाषा) पुलिस ने रियासी जिले के कटरा में धारदार हथियारों से हुए हमले के मामले में हरियाणा से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो नाबालिग को भी पकड़ा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी दो मई को कटरा के आर. के. पैलेस होटल में हुए हिंसक हमले में कथित तौर पर शामिल थे, जिसमें जसविंदर सिंह उर्फ ​​सुंदरी नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।

अधिकारियों ने बताया कि धारदार हथियारों से लैस कुछ लोगों ने होटल में जबरन घुसकर पीड़ित पर हमला किया और मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि घायल को इलाज के लिए कटरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।

कटरा थाने में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए हरियाणा भाग गये थे। विशिष्ट सूचनाओं और तकनीकी निगरानी एवं मानव खुफिया जानकारी का उपयोग करते हुए पुलिस दल ने आरोपियों का पता लगाया और उन्हें हरियाणा से पकड़ लिया। अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय (उम्र 21), साहिल (21), सूरज (26) और राहुल (उम्र 23) के रूप में हुई है। सभी कटरा के रहने वाले हैं।

इस मामले में शामिल नाबालिगों को भी पकड़ लिया गया, लेकिन किशोर न्याय अधिनियम के अनुसार उनकी पहचान गुप्त रखी गई।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में