जम्मू-कश्मीर : डोडा में यात्री बस और मकान पर चट्टान गिरने से तीन लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर : डोडा में यात्री बस और मकान पर चट्टान गिरने से तीन लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर : डोडा में यात्री बस और मकान पर चट्टान गिरने से तीन लोगों की मौत
Modified Date: July 20, 2026 / 01:25 pm IST
Published Date: July 20, 2026 1:25 pm IST

जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में चट्टानें गिरने से एक यात्री बस और एक मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पहली घटना में मूसलाधार बारिश के बीच सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे जम्मू-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रागी नाला के पास पहाड़ी से एक चट्टान लुढ़ककर नीचे आई और एक यात्री बस से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया और सात घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां मनीष कुमार के रूप में पहचाने गए एक व्यक्ति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा क्षतिग्रस्त वाहन से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग अवरुद्ध रहा क्योंकि इलाके में कुछ निजी वाहन भी चट्टानों की चपेट में आ गए थे। हालांकि, इन वाहनों में सवार लोग सुरक्षित बच गए।

अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में जिले के कश्तीगढ़ इलाके में अपने घर में मौजूद महिला शिव देवी की चट्टान की चपेट में आने से मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इस घटना में मकान को भी नुकसान पहुंचा है।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में