जम्मू-कश्मीर: बारामूला और पुलवामा में आतंकियों के दो मददगार गिरफ्तार

Ads

जम्मू-कश्मीर: बारामूला और पुलवामा में आतंकियों के दो मददगार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 12:17 AM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 12:17 AM IST

श्रीनगर, दो अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के बारामूला और पुलवामा जिलों में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के दो मददगारों को गिरफ्तार किया तथा उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किये। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान ऐजाज अहमद गनाई के रूप में हुई है, उसे पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की एक संयुक्त टीम ने मध्यरात्रि के करीब बारामूला के शीरी इलाके में गोरीवान में एक वाहन जांच चौकी से गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने ऐजाज के पास से एक पिस्तौल, 10 कारतूस (नौ मिमी), एक मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने पुलवामा जिले के राजपोरा क्षेत्र में जांच के दौरान एक मददगार को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने तौसीफ अहमद डार के कब्जे से एक हथगोला और आपत्तिजनक पोस्टर बरामद किए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि डार के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा जितेंद्र जोहेब

जोहेब

जोहेब