जम्मू विकास प्राधिकरण ने 30 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त करके जमीन कब्जा मुक्त कराई

जम्मू विकास प्राधिकरण ने 30 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त करके जमीन कब्जा मुक्त कराई

जम्मू विकास प्राधिकरण ने 30 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त करके जमीन कब्जा मुक्त कराई
Modified Date: June 17, 2026 / 09:35 am IST
Published Date: June 17, 2026 9:35 am IST

जम्मू, 17 जून (भाषा) जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बुधवार को जम्मू रेलवे स्टेशन के पास अतिक्रमण रोधी अभियान चलाते हुए 30 से अधिक अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया और 10 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह-सुबह की गई इस कार्रवाई में प्रमुख भूमि पर अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे ढाबों और दुकानों सहित अन्य अनधिकृत व्यावसायिक इकाइयों को निशाना बनाया गया।

जेडीए की टीम ने जिला प्रशासन के समन्वय से मंगल मार्केट के सामने, वैष्णवी धाम के पीछे और जम्मू रेलवे स्टेशन के पास स्थित आधा एकड़ प्रमुख भूमि को वापस अपने कब्जे में ले लिया।

उन्होंने बताया कि इस जमीन पर पिछले कई वर्षों से कब्जा था, जहां दो व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कई ढाबे और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित किए जा रहे थे।

इन कब्जाधारियों ने पहले अपने कब्जे को नियमित (रेगुलराइज) कराने के लिए उच्च न्यायालय का रुख किया था।

अदालत के निर्देशों के बाद, सक्षम प्राधिकारी ने मामले की जांच की और निष्कर्ष निकाला कि यह कब्जा पूरी तरह से गैर-कानूनी है जिसके बाद अतिक्रमण हटाने व जमीन को वापस जेडीए को सौंपने के आदेश जारी किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान 30 से अधिक अनधिकृत ढांचों को खाली कराकर ढहा दिया गया।

जेडीए के उपाध्यक्ष रूपेश कुमार ने इस कार्रवाई को लेकर कहा कि सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से बचाया जाना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा, नियोजित विकास और शहरी बुनियादी ढांचे को प्रभावित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की प्राधिकरण की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

भाषा खारी अमित

अमित


लेखक के बारे में