जम्मू: पुलिस पर हमला करने के बाद गैंगस्टर, दो पाकिस्तानी नागरिक बाल सुधार गृह से भागे
जम्मू: पुलिस पर हमला करने के बाद गैंगस्टर, दो पाकिस्तानी नागरिक बाल सुधार गृह से भागे
जम्मू, 16 फरवरी (भाषा) जम्मू के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित एक बाल सुधार गृह से दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत तीन बंदी सोमवार को ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर कथित रूप से हमला कर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, घटना शाम करीब 5.15 बजे आर.एस. पुरा स्थित बाल सुधार गृह में हुई।
पुलिस ने बताया कि फरार बंदियों की पहचान आर एस पुरा में डबलेहार निवासी कराजीत सिंह उर्फ गुग्गा तथा पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद सुना-उल्लाह और एहसान अनवर के रूप में हुई है। तीनों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला किया और इसके बाद परिसर से भाग निकले।
अधिकारियों ने बताया कि एसपीओ विनय और मुख्य आरक्षक प्रवीण नामक दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
खौफ गिरोह से जुड़े बताए जा रहे एक गैंगस्टर का बाल सुधारगृह के अंदर कुछ गोलियां चलाते हुए एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में चिंता पैदा हो गई।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि स्थानीय स्तर पर निर्मित पिस्तौल कैदी तक कैसे पहुंची।
फरार बंदियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई हैं और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
इसी बीच, पूर्व डीजीपी एस पी वैद ने घटना को लेकर पुलिस से सवाल किया और कहा कि दिलचस्प बात यह है कि तीनों कैदी अब नाबालिग नहीं हैं।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


