‘जन नायकन’ को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला, 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी

'जन नायकन' को 'ए' सर्टिफिकेट मिला, 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी

‘जन नायकन’ को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला, 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी
Modified Date: July 9, 2026 / 09:10 pm IST
Published Date: July 9, 2026 9:10 pm IST

चेन्नई, नौ जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से ‘ए’ (वयस्क) प्रमाणपत्र मिल गया है। फिल्म उद्योग से जुड़े सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, ‘थीरन अधिगारम ओन्द्रु’ और ‘नेरकोंडा पारवाई’ जैसी फिल्मों के लिए चर्चित निर्देशक एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म को करीब सात महीने चली प्रक्रिया के बाद सेंसर प्रमाणपत्र मिला।

तमिलनाडु फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के एक सूत्र ने बताया कि फिल्म 24 जुलाई से तमिलनाडु के करीब 1,000 सिनेमाघरों में प्रदर्शित किए जाने की संभावना है।

बेंगलुरु स्थित केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘जन नायकन’ को राजनीति में पूर्णकालिक रूप से सक्रिय होने से पहले विजय की अंतिम फिल्म माना जा रहा है।

फिल्म के प्रमाणन की प्रक्रिया में काफी देरी हुई और इस दौरान कानूनी हस्तक्षेप तथा ‘पायरेसी’ से जुड़े विवाद भी सामने आए।

यह फिल्म पोंगल से पहले नौ जनवरी, 2026 को रिलीज होने वाली थी। इसके लिए निर्माताओं ने 19 दिसंबर, 2025 को फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के समक्ष प्रस्तुत किया था।

खबरों के अनुसार, जांच समिति की ओर से सुझाए गए बदलाव किए जाने के बाद शुरुआत में फिल्म को ‘यू/ए’ प्रमाणपत्र दिए जाने योग्य माना गया था। हालांकि, समिति के एक सदस्य ने यह कहते हुए आंतरिक आपत्ति दर्ज करा दी कि फिल्म के कुछ दृश्य लोगों की भावनाओं को आहत कर सकते हैं, जिसके बाद प्रमाणन प्रक्रिया अटक गई।

इसके बाद छह जनवरी को केवीएन प्रोडक्शंस ने प्रमाणन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देने की मांग को लेकर मद्रास उच्च न्यायालय का रुख किया।

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में