रांची, 26 दिसंबर (भाषा) वेतन निर्धारण की मांग को लेकर पिछले 127 दिनों से आंदोलन कर रहे झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटीईटी) उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के दो प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद अपना विरोध-प्रदर्शन पांच जनवरी तक के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि ‘टीईटी पास सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा’ के बैनर तले मंगलवार को शिक्षकों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें राजभवन के पास ही रोक दिया गया।
इसके बाद झारखंड राज्य समन्वय समिति के सदस्य एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महासचिव विनोद पांडे के नेतृत्व में दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मोर्चा के सदस्यों से मुलाकात की और शिक्षकों को उनकी मांग सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।
पांडे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने शिक्षकों से आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया और संबंधित अधिकारियों के साथ मांग पर चर्चा करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। हमें उम्मीद है कि इससे सकारात्मक परिणाम निकलेगा।’’
‘टीईटी पास सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा’ के अध्यक्ष झरीलाल महतो ने कहा, ‘‘प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद हमने अपना आंदोलन पांच जनवरी तक के लिए स्थगित कर दिया है। अगर एक सप्ताह के भीतर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो हम 2024 के विधानसभा चुनाव तक आंदोलन जारी रखेंगे।’’
उन्होंने कहा कि उनकी एकमात्र मांग टीईटी उत्तीर्ण करने वाले लगभग 13,000 शिक्षकों के वेतनमान का सही निर्धारण करना है।
भाषा खारी पवनेश
पवनेश